कल्याणीः रणजी ट्रॉफी मैच में बंगाल ने हरियाणा को 188 रन से हराकर ग्रुप चरण में नॉकआउट स्टेज में अपनी जगह पक्की कर ली। कल्याणी पिच पर शाहबाज अहमद ने अपनी स्पिन के दम पर मैच का रुख बदल दिया। पहली इनिंग में पांच विकेट लेने के बाद, उन्होंने दूसरी इनिंग में अकेले छह विकेट लेकर हरियाणा की टीम को लगभग तिनके की तरह उड़ा दिया।
हरियाणा को 294 रन का पीछा करना था, लेकिन वे सिर्फ 105 रन पर ऑल आउट हो गए। शाहबाज ने पूरे मैच में कुल 11 विकेट लिए। बंगाल की टीम ने अब तक रणजी में हर मैच जीतने का रिकॉर्ड बनाए रखा है।
तीसरे दिन की शुरुआत में बंगाल ने तीन विकेट पर 155 रन से की। अभिमन्यु ईश्वरन (61) और राहुल प्रसाद (9) क्रीज पर थे, लेकिन राहुल केवल 15 रन बनाकर आउट हुए। बंगाल का स्कोर 167 रन तक पहुंचा, लेकिन इसके बाद आखिरी छह विकेट केवल 33 रन पर गिर गए। कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन ने 157 गेंदों पर 83 रन बनाकर टीम का सम्मान बचाया।
हरियाणा की बैटिंग भी शाहबाज के सामने टिक नहीं पाई। नौवें ओवर में उन्होंने लगातार तीन विकेट लिए-युवराज सिंह (22), आशीष सिवाच (0) और राणा (0), 17वें ओवर में शाहबाज ने एक ही ओवर में दो और विकेट लिए-अंकित कुमार (25) और मयंक शांडिल्य (0), बाकी बचे विकेट आकाश दीप और मुकेश कुमार ने लिए। हरियाणा की टीम 105 रन पर सिमट गई।
बंगाल ने सात मैचों में 36 पॉइंट्स के साथ ग्रुप टॉप पर रहकर नॉकआउट स्टेज की राह आसान कर ली। शाहबाज अहमद की शानदार प्रदर्शन ने टीम को बड़ी जीत दिलाई।