🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

रणजी ट्रॉफी: सुदीप चटर्जी ने लगाया फर्स्ट क्लास करियर का दोहरा शतक, बंगाल ने बनाए 519 रन

बंगाल क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड पर टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी बंगाल की टीम को सुदीप चटर्जी और कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन की सलामी जोड़ी ने मजबूत शुरुआत दिलाई।

By नवीन पाल, Posted by: लखन भारती

Jan 23, 2026 18:23 IST

कोलकाताः बंगाल के सलामी बल्लेबाज सुदीप चटर्जी ने फर्स्ट क्लास करियर का पहला दोहरा शतक लगाया है। सुदीप ने शुक्रवार को रणजी ट्रॉफी 2025-26 के एलीट ग्रुप-सी मैच में सर्विस के खिलाफ 209 रन की पारी खेली। उनकी इस शानदार बल्लेबाजी की मदद से बंगाल ने पहली पारी में 519 रन का विशाल स्कोर बनाया। बंगाल क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड पर टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी बंगाल की टीम को सुदीप चटर्जी और कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन की सलामी जोड़ी ने मजबूत शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने पहले विकेट के लिए 151 रन की साझेदारी की। ईश्वरन 10 बाउंड्री के साथ 81 रन बनाकर आउट हुए।

इसके बाद चटर्जी ने मजबूत साझेदारियां करते हुए टीम को 492 रन के स्कोर तक पहुंचाया। सुदीप ने इस बीच शाहबाज अहमद (38) के साथ 73 रन, जबकि सुमंत गुप्ता (36) के साथ पांचवें विकेट के लिए 62 रन जुटाए। इनके अलावा, शाकिर गांधी के साथ छठे विकेट के लिए 147 रन जोड़े। सुदीप ने 327 गेंदों में 1 छक्के और 18 चौकों की मदद से 209 रन की पारी खेली। शाकिर गांधी 151 गेंदों में 10 चौकों के साथ 91 रन बनाकर नाबाद रहे।

सर्विस की तरफ से विनीत धनखड़ ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि अर्जुन शर्मा ने 2 विकेट निकाले। इनके अलावा, जयंत गोयत, अमरजीत सिंह, आदित्य दीपक कुमार और मोहित अहलावत ने 1-1 विकेट अपने नाम किया। इसके जवाब में सर्विस ने 23 ओवरों के खेल तक 6 विकेट गंवाकर 74 रन बना लिए हैं। इस टीम के लिए गौरव कोचर और शुभम रोहिल्ला की सलामी जोड़ी ने 41 रन जुटाए। गौरव 9 रन बनाकर आउट हुए, जबकि शुभम ने 52 गेंदों में 6 चौकों के साथ 30 रन की पारी खेली। इस जोड़ी के टूटते ही टीम निरंतर अंतराल पर विकेट गंवाती गई।

बंगाल की तरफ से अब तक सूरज जायसवाल 3 विकेट हासिल कर चुके हैं, जबकि मोहम्मद शमी ने 2, जबकि आकाश दीप ने 1 विकेट निकाला है।

Next Article
हैरी ब्रूक के तूफानी शतक से टूटा पाकिस्तान का सपना, दो विकेट से हारकर विश्व कप से बाहर

Articles you may like: