नई दिल्ली : भारतीय विकेटकीपर - बल्लेबाज ऋषभ पंत के लिए समय अच्छा नहीं चल रहा है। इंग्लैंड सीरीज के दौरान चोटिल होकर उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा था। इसके बाद फिट होकर लौटे लेकिन न्यूज़ीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले अभ्यास के दौरान एक बार फिर चोट लग गई। अब उनकी वापसी को लेकर जो रिपोर्ट सामने आई है वह लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए बिल्कुल भी राहत भरी नहीं है।
न्यूज़ीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से एक दिन पहले अभ्यास के दौरान थ्रो-डाउन स्पेशलिस्ट की एक गेंद पंत की पसलियों पर लग गई। तुरंत उन्हें बाहर ले जाया गया और सीरीज से बाहर कर दिया गया। तब से पंत फिट होने की कोशिश कर रहे हैं। पहले खबर आई थी कि वह IPL से पहले पूरी तरह फिट हो जाएंगे लेकिन न्यूज 24 की एक रिपोर्ट ने लखनऊ सुपर जायंट्स की चिंता बढ़ा दी है।
रिपोर्ट में क्या कहा गया है?
रिपोर्ट के मुताबिक, ऋषभ पंत को टियर-2 चोट लगी है और उनकी पसलियों में दरार पाई गई है। इसी वजह से वह पिछले 15 दिनों से दर्द में हैं। दर्द कम होने में अभी कुछ और दिन लगेंगे जिसके बाद वह रिहैबिलिटेशन के लिए बोर्ड के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस जाएंगे। इसका मतलब है कि पंत की वापसी में अब और ज्यादा समय लग सकता है।
इस हालात में माना जा रहा है कि वह IPL के शुरुआती कुछ मैच मिस कर सकते हैं। वह कितने मैच नहीं खेल पाएंगे इसका पता पंत के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस जॉइन करने के बाद ही चलेगा।
हाल के समय में पंत की चोटों की संख्या बढ़ी है जिसकी वजह से वह लगातार खेल नहीं पा रहे हैं। यह उनके करियर के लिए भी एक बड़ा झटका है। 2022 में एक भीषण सड़क दुर्घटना का शिकार होने के बाद वह करीब एक साल तक मैदान से बाहर रहे थे। इसके बाद अब तक वह तीन बार चोटिल हो चुके हैं।