इस्लामाबादः T20 वर्ल्ड कप शुरू होने में सिर्फ एक हफ्ता बाकी है, लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) अपनी रणनीति और ड्रामेबाजी के चलते सुर्खियों में हैं। पाकिस्तान ने हाल ही में वर्ल्ड कप स्क्वॉड का ऐलान किया था, लेकिन अभी तक यह तय नहीं किया गया है कि टीम टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी या नहीं। PCB ने स्पष्ट किया है कि वह पाकिस्तान सरकार के अगले सोमवार (2 फरवरी) के फैसले का ही पालन करेगा।
नवीनतम घटनाक्रम में PCB ने T20 वर्ल्ड कप के लिए टीम की ऑफिशियल जर्सी के अनावरण की तारीख अचानक टाल दी। यह इवेंट शनिवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की T20 सीरीज के दूसरे मैच के दौरान होने वाला था। PCB ने इस बदलाव की कोई स्पष्ट वजह नहीं बताई, केवल कहा कि इसे 'जरूरी वजहों' से टाला गया।
सूत्रों के मुताबिक, जर्सी अनावरण को टालने का मुख्य कारण वर्ल्ड कप में भागीदारी को लेकर अंतिम निर्णय का इंतजार है। अगर जर्सी अनावरण कर दिया जाता, तो यह टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के संकेत देता। इसलिए PCB ने आखिरी फैसला आने तक कोई सिंबॉलिक स्टेप लेने से परहेज किया।
विशेषज्ञों का कहना है कि यह भी पाकिस्तान की रणनीति का हिस्सा हो सकता है, जिससे वर्ल्ड कप में भागीदारी का फैसला होल्ड पर रखा जा सके। फिलहाल, पाकिस्तान पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार जीत दर्ज कर चुका है और अब सभी की निगाहें अगले हफ्ते आने वाले सरकार के फैसले पर हैं।