नई दिल्ली: टी20 विश्व कप को लेकर जारी विवादों के बीच आज रविवार को जिम्बाब्वे के बुलावायो में भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे। अंडर-19 विश्व कप में वैभव सूर्यवंशी की अगुवाई वाली भारतीय टीम का यह मुकाबला पाकिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल का रास्ता तय कर सकता है। भारत के 6 अंक हैं, जबकि पाकिस्तान के 4 अंक।
अगर पाकिस्तान यह मैच जीत भी जाता है, तब भी रन रेट का हिसाब उसके सामने रहेगा। भारत का नेट रन रेट फिलहाल 3.337 है, जबकि पाकिस्तान का 1.484, ऐसे में पाकिस्तान को सिर्फ जीत नहीं बल्कि बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी। एक महीने पहले एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान ने भारत को बड़े अंतर से हराया था हालांकि ग्रुप मैच में भारत विजयी रहा था लेकिन रविवार का मुकाबला पूरी तरह मानसिक दबाव की जंग होगी, जहां पुराने आंकड़े काम नहीं आएंगे।
जहां एक ओर भारतीय टीम के लिए वैभव के विस्फोटक बल्लेबाजी को रोकना पाकिस्तान के गेंदबाजों की बड़ी चुनौती होगी, वहीं दूसरी ओर पाकिस्तान के तेज गेंदबाज अली रजा को संभालना भारतीय बल्लेबाजों के लिए आसान नहीं होगा। अली रजा अब तक विश्व कप में 12 विकेट ले चुके हैं। भारत के कप्तान आयुष मात्रे भी शानदार फॉर्म में हैं। मैदान के बाहर भी माहौल गर्म रहेगा। दोनों टीमों के खिलाड़ी आपस में हाथ मिलाएंगे या नहीं, इस पर चर्चा जारी है हालांकि इसकी संभावना बेहद कम बताई जा रही है।
इसी बीच पाकिस्तान ने टी20 विश्व कप की जर्सी लॉन्चिंग का कार्यक्रम स्थगित कर दिया है। यह कार्यक्रम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टी20 मैच से पहले होना था। खबर है कि पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय से इस संबंध में मंजूरी नहीं मिल पाई। टी20 विश्व कप के लिए टीम की घोषणा हो चुकी है लेकिन टूर्नामेंट में खेलने को लेकर अब भी संशय बना हुआ है। सोमवार को इस पर तस्वीर साफ हो सकती है।