🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

भाजपा ने कर्नाटक-तेलंगाना के लिए प्रभारी किए नियुक्त, नगर निकाय चुनावों की तैयारी तेज

नितिन नबीन के अध्यक्ष बनने के बाद पहली बड़ी संगठनात्मक नियुक्तियां।

By श्वेता सिंह

Jan 20, 2026 23:44 IST

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी ने कर्नाटक और तेलंगाना में होने वाले आगामी नगर निकाय और नगर निगम चुनावों को देखते हुए संगठनात्मक स्तर पर अहम फैसले लिए हैं। पार्टी ने दोनों राज्यों के लिए प्रभारी और सह-प्रभारियों की नियुक्ति के साथ ही चंडीगढ़ मेयर चुनाव के लिए भी पर्यवेक्षक घोषित किया है।

यह निर्णय ऐसे समय लिया गया है जब नितिन नबीन ने मंगलवार को भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाला। भाजपा मुख्यालय में हुए इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, निवर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

पार्टी की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े को 29 जनवरी को होने वाले चंडीगढ़ मेयर चुनाव का पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं तेलंगाना में होने वाले नगरपालिका और नगर निगम चुनावों के लिए महाराष्ट्र सरकार के मंत्री आशीष शेलार को प्रभारी बनाया गया है।

तेलंगाना में स्थानीय निकाय चुनावों के लिए पूर्व राजस्थान भाजपा अध्यक्ष अशोक परनामी और राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कर्नाटक में ग्रेटर बेंगलुरु कॉरपोरेशन चुनाव की कमान पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव को दी गई है। उनके साथ पूर्व राजस्थान भाजपा अध्यक्ष सतीश पूनिया और महाराष्ट्र के विधायक संजय उपाध्याय को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।

पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने कहा कि सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। भाजपा नेतृत्व का मानना है कि इन नियुक्तियों से संगठनात्मक मजबूती बढ़ेगी और स्थानीय निकाय चुनावों में पार्टी को रणनीतिक बढ़त मिलेगी।

Prev Article
भोजपुरी फिल्मस्टार और भाजपा सांसद मनोज तिवारी के घर चोरी के आरोप में पूर्व घरेलू सहायक गिरफ्तार
Next Article
दिल्ली सरकार का बड़ा तोहफा: होली पर EWS महिलाओं को मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर

Articles you may like: