देर रात तक काम करना हुआ या फिर सीरियल और फिल्में देखना। नतीजा सूजी हुई आंखें। इसके साथ ही डार्क सर्कल। मेकअप भी अक्सर इन दाग-धब्बों को छिपा नहीं पाता। कई महिलाएं इस समस्या से छुटकारा पाने के लिए महंगे कॉस्मेटिक्स खरीदती हैं। कई बार महिलाएं केमिकल ट्रीटमेंट पर भी भरोसा करती हैं। लेकिन डॉक्टरों का कहना है कि ये उपाय लंबे समय तक नहीं चलते हैं।
आंखों के आस-पास की त्वचा खासकर निचली पलक बहुत संवेदनशील होती है। इसलिए अंधेरे में तीर न मारना ही बेहतर है।
इसका हल ढूंढने से पहले यह जानना होगा कि आंखों के नीचे डार्क सर्कल हो क्यों रहे हैं। डर्मेटोलॉजिस्ट अमित बंगानी ने एक इंटरव्यू में कहा कि डार्क सर्कल होने के कई कारण हो सकते हैं। देर तक जागने और स्ट्रेस के अलावा आंखों का आकार और जीन भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए सबसे पहले बीमारी की वजह का पता लगाना जरूरी है।
जेनेटिक कारण :
बहुत से लोगों को शायद यह पता नहीं होगा कि ज्यादातर मामलों में डार्क सर्कल जेनेटिक होता है। अगर परिवार में किसी को यह समस्या है तो पूरी नींद लेने के बाद भी आंखों के नीचे डार्क सर्कल हो सकते हैं। डार्क सर्कल हटाने के लिए खास क्रीम इस्तेमाल करने से भी कोई फायदा नहीं होता।
पिगमेंटेशन :
डॉक्टरों का कहना है कि आंखों के नीचे मेलानिन ज्यादा होने पर भी डार्क स्पॉट हो जाते हैं। ऐसा कुछ शारीरिक समस्याओं के कारण भी होता है। हार्मोनल उतार-चढ़ाव, सूजन की समस्या या बार-बार आंखें मलने की आदत से भी आंखों के नीचे की संवेदनशील त्वचा पर डार्क स्पॉट हो सकते हैं।
वैस्कुलर बीमारी :
पूरी तरह आराम न करना, मानसिक तनाव, थकान, एंग्जायटी और यहां तक कि डिहाइड्रेशन से भी आंखों के नीचे डार्क सर्कल हो सकते हैं। अगर आंखों के नीचे की ब्लड वेसल किसी भी तरह से फैल जाती हैं तो वे डार्क या नीली दिखाई देती हैं।
क्या है घरेलू उपाय?
- कोल्ड कंप्रेस सूजन की समस्याओं को कंट्रोल करने के लिए बहुत अच्छे होते हैं। हालांकि आंखों के नीचे सीधे बर्फ न रगड़ें। आप इसे एक पतले कपड़े में लपेटकर पांच मिनट तक लगा सकती हैं।
- आंखों के नीचे ग्रीन टी, कैफीन-बेस्ड सीरम का इस्तेमाल करना भी फायदेमंद होगा।
- आंखों के आसपास की त्वचा में नमी बनाए रखने के लिए आप एलोवेरा जेल से मसाज भी कर सकती हैं।