भुवनेश्वर: केंद्रापाड़ा जिले में लिंगभेद की मानसिकता का भयावह चेहरा सामने आया है। बेटी को जन्म देने के कारण बहू को जिंदा जलाने की कोशिश किए जाने का आरोप सामने आया है। ससुर पर बहू के शरीर पर आग लगाने का आरोप है। यह घटना ओडिशा के केंद्रापाड़ा जिले की है। पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, करीब आठ साल पहले निशिंतकोइली बालिपदा गांव की निवासी सुस्मिता की शादी केंद्रापाड़ा के डोमरपुर गांव के रहने वाले सुषांत रॉय से हुई थी। हाल ही में सुस्मिता ने एक बेटी को जन्म दिया। इससे उसके ससुर प्रफुल्ल रॉय बेहद नाराज थे। आरोप है कि इसी कारण उन्होंने सुस्मिता को जिंदा जलाने की कोशिश की।
पुलिस के मुताबिक, प्रफुल्ल रॉय पास के एक गांव से पेट्रोल खरीदकर लाए थे। उस समय सुस्मिता अपनी नवजात बेटी के साथ सो रही थीं। तभी प्रफुल्ल ने बिस्तर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आरोप है कि उन्होंने अपनी बहू और पोती दोनों को जलाकर मारने के इरादे से यह कदम उठाया।
आग की गर्मी महसूस होते ही सुस्मिता घबराकर उठ गईं और किसी तरह अपनी बेटी को लेकर घर से बाहर निकलने में सफल रहीं। ठंड के बीच उन्हें पूरी रात घर के बाहर बितानी पड़ी। हालांकि सुस्मिता और उनकी बेटी की जान बच गई लेकिन आग में घर का सारा सामान जलकर राख हो गया। सुस्मिता की बहन कनकलता रॉय ने आरोप लगाया है कि बेटी के जन्म के बाद से ही ससुराल में सुस्मिता को लगातार शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही थी।
पट्टामुंडई थाना प्रभारी श्रीकांत बारिक ने शनिवार को बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी प्रफुल्ल रॉय को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।