🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

भिवाड़ी में केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, 7 मजदूर जिंदा जले, लोगों ने बताया- पटाखे भी बनते थे

राजस्थान के औद्योगिक नगर भिवाड़ी में एक केमिकल फैक्ट्री में सुबह भीषण आग लग गई जिसमें अब तक 7 मजदूरों के जिंदा जलकर मारे जाने की पुष्टि की गई है।

By लखन भारती

Feb 16, 2026 16:53 IST

जयपुरः राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के औद्योगिक शहर भिवाड़ी में एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई है। आज, सोमवार सुबह भिवाड़ी के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में तेज धमाके हुए और उसके बाद वहां आग लग गई। मौके से आई तस्वीरों में फैक्ट्री में आग की ऊंची लपटें निकलती दिखाई दे रही थीं। शुरुआती जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में लगी इस आग से 7 मजदूरों के जिंदा जलने की पुष्टि की जा रही है। साथ ही, कई मजदूर फैक्ट्री में फंसे हुए थे जिन्हें रेस्क्यू किया गया। आग से गंभीर रूप से घायल हुए 4 मज़दूरों को दिल्ली एम्स लाया जा रहा है। घटना के समय फैक्ट्री के अंदर 11 मजदूर काम कर रहे थे। आग की लपटें भड़कते ही कुछ मजदूर बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन कई अंदर फंसे रह गए।

स्थानीय डीएसपी डीएसपी शिवराज सिंह ने बताया कि मौतों का आंकड़ा बढ़ सकता है। डीएसपी ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री बंद थी लेकिन कुछ समय पहले उसे खोलकर वहां कुछ काम किया जा रहा था, और इस बारे में जांच की जा रही है। घटनास्थल से जले हुए पटाखे भी मिले हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि इस फैक्ट्री में पटाखे बनाए जाते थे और यह बात पूरे इलाके में सबको पता थी। आग की सूचना पर आधा दर्जन दमकल मौके के लिए रवाना हुए और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए। लगभग डेढ़ घंटे तक भीषण आग लगी रही जिसे कुछ नियंत्रित किया गया। हालांकि देर तक आग पर पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका और दमकल विभाग की टीमें वहां मौजूद हैं।

कई महीनों से बंद थी फैक्ट्री

बताया जा रहा है कि फैक्ट्री कई महीनों से बंद थी जिसमें अचानक आग लग गई। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में गत्तों का स्टॉक पड़ा था। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि फैक्ट्री में 3 से 4 बार तेज धमाके हुए और वहां आग लग गई। आग लगने के कारण के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं है।

Prev Article
पीएम मोदी का राजस्थान दौरा तय, अजमेर की धरती से 23,500 करोड़ की देंगे सौगात
Next Article
आधुनिक शिक्षा प्रणाली में नवाचार, तकनीक और भारतीय ज्ञान परंपराओं को बढ़ावा देना चाहिएः भजनलाल

Articles you may like: