🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

नीतीश कुमार ने पकड़ी राज्यसभा की राह, कहा - नई सरकार को रहेगा पूरा मार्गदर्शन

राज्यसभा के लिए नामांकन भर रहे हैं नीतीश कुमार। सोशल मीडिया पोस्ट कर खुद इसकी पुष्टि की।

By Moumita Bhattacharya

Mar 05, 2026 11:11 IST

Big Breaking : पिछले कुछ समय से बिहार में चल रही सियासी हलचलों को सच साबित करते हुए आखिरकार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने खुद ही खुलासा कर दिया कि वह राज्यसभा का पर्चा भर रहे हैं। अपने आधिकारिक फेसबुक पेज से एक पोस्ट करते हुए नीतीश कुमार ने लिखा कि संसदीय जीवन के शुरू से ही मेरी इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ-साथ संसद के दोनों सदनों का सदस्य भी बनूं। इसी क्रम में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूं।

इसके साथ ही एक नया सवाल भी अब खड़ा हो गया है कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन बनेगा? साथ ही यह संभावना भी जतायी जा रही है कि बिहार में सत्ता का पूरा समीकरण बदलने वाला है। सूत्रों के हवाले से विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि बिहार में वर्तमान एनडीए सरकार का फॉर्मूला उलट सकता है।

अभी तक बिहार में जदयू का मुख्यमंत्री और भाजपा के दो उपमुख्यमंत्री थे। लेकिन नीतीश कुमार के पद छोड़ने के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि भाजपा का कोई नेता मुख्यमंत्री और जदयू को दोनों उपमुख्यमंत्री का पद मिल सकता है।

सोशल मीडिया पर किए अपने पोस्ट में नीतीश कुमार ने आश्वस्त किया है कि बिहार में जो भी अगली सरकार बनेगी उसे उनका पूरा मार्गदर्शन मिलेगा। इसके साथ ही उन्होंने राज्यसभा के लिए अपने नामांकन भरने की चर्चाओं की पुष्टि भी कर दी है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा है, "पिछले दो दशक से भी अधिक समय से आपने अपना विश्वास एवं समर्थन मेरे साथ लगातार बनाए रखा है, तथा उसी के बल पर हमने बिहार की और आप सब लोगों की पूरी निष्ठा से सेवा की है।

आपके विश्वास और समर्थन की ही ताकत थी कि बिहार आज विकास और सम्मान का नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है। इसके लिए पूर्व में भी मैंने आपके प्रति कई बार आभार व्यक्त किया है।"

कुमार ने आगे लिखा है, "संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूं। इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूं।"

बिहार की अगली सरकार और जनता के लिए उन्होंने अपने संदेश में आगे लिखा है कि मैं आपको पूरी ईमानदारी से विश्वास दिलाना चाहता हूँ कि आपके साथ मेरा यह संबंध भविष्य में भी बना रहेगा एवं आपके साथ मिलकर एक विकसित बिहार बनाने का संकल्प पूर्ववत कायम रहेगा। जो नई सरकार बनेगी उसको मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा।

Prev Article
बिहार में होगा बड़ा सियासी बदलाव! राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल कर सकते हैं नीतीश कुमार

Articles you may like: