नई दिल्ली: विश्व कप में भारत के खिलाफ मैच बायकॉट को लेकर पाकिस्तान का ड्रामा अब समाप्त हो गया। सोमवार देर रात पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की ओर से बताया गया कि पाक क्रिकेट टीम भारत के खिलाफ मैच खेलेगी। इस मामले पर भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने भी प्रतिक्रिया दी। बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने पूरी स्थिति के लिए आईसीसी को श्रेय दिया। उन्होंने बताया कि आईसीसी की पहल और बातचीत के परिणामस्वरूप स्थिति का समाधान हुआ और अंततः क्रिकेट को प्राथमिकता दी गई।
पाकिस्तान अगर भारत के खिलाफ मैच बायकॉट करता तो श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड और आईसीसी को भी आर्थिक नुकसान होता इसलिए मैच कराने के लिए बांग्लादेश, श्रीलंका और यूएई क्रिकेट बोर्ड ने पाकिस्तान से अनुरोध किया। बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला के अनुसार आईसीसी की मध्यस्थता ही मुख्य कारण रही। राजीव शुक्ला ने कहा, आईसीसी अध्यक्ष की देखरेख में प्रतिनिधि लाहौर गए और पाकिस्तान व बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के साथ चर्चा की। इस बातचीत के बाद ही स्वीकार्य समाधान निकला और क्रिकेट के हित को प्राथमिकता दी गई।
15 फरवरी को कोलंबो में भारत-पाक मेगा मैच आयोजित होगा। इतना कम समय में पाकिस्तान के साथ बातचीत कर समस्या का समाधान करना आईसीसी की बड़ी सफलता मानी जा रही है। सभी बाधाओं के बावजूद विश्व कप में यह बड़ा मैच होना क्रिकेट के लिए लाभकारी रहेगा। बांग्लादेश के मामले में भी आईसीसी की भूमिका को सकारात्मक माना गया और बीसीबी ने इसका स्वागत किया। राजीव शुक्ला के अनुसार यह सभी के लिए लाभकारी साबित हुआ।