लखनऊ : लंबे समय तक मुंबई इंडियंस में खेलने के बाद अब अर्जुन तेंदुलकर लखनऊ सुपर जायंट्स में शामिल हुए हैं। शार्दुल ठाकुर की जगह उन्हें ट्रेंड किया गया है। कप्तान ऋषभ पंत के नेतृत्व में अर्जुन मौका पाने की उम्मीद में हैं। अर्जुन ने भी अच्छा प्रदर्शन करने के लिए खुद में बदलाव किया है। वह इस बार आईपीएल में अपने पिता सचिन तेंदुलकर की पद्धति अपनाने जा रहे हैं। जब उन्होंने यह बात पंत को बताई, तो पंत आश्चर्यचकित रह गए।
आईपीएल की तैयारी शुरू
अर्जुन और पंत सहित लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाड़ी तैयारी शुरू कर चुके हैं। तैयारी के दौरान का एक वीडियो लखनऊ सुपर जायंट्स ने साझा किया। वीडियो में देखा जा सकता है कि पंत अर्जुन से पूछते हैं कि उनका बल्ला कितना भारी है। अर्जुन ने बताया कि उनका बल्ला 1220 ग्राम यानी 1 किलो 220 ग्राम का है। पंत इस वजन को सुनकर चौंक गए, क्योंकि उनका बल्ला इससे हल्का है।
अर्जुन ने इसके बाद सचिन तेंदुलकर का उदाहरण दिया। अर्जुन ने कहा कि मेरा बल्ला 1220 ग्राम है। मैं 1200 ग्राम से हल्के बल्ले से नहीं खेलता। पिता का बल्ला तो 1310-1315 ग्राम का होता था। पंत ने पूछा कि भारी बल्ला इस्तेमाल करने से क्या फायदा होता है। अर्जुन ने बताया कि बल्ले पर गेंद लगते ही वह दूर चली जाती है। पंत खुद बड़े शॉट मारते हैं लेकिन इतना भारी बल्ला देखकर वे हैरान रह गए।
युवराज सिंह से कनेक्शन
आईपीएल से पहले तैयारी के लिए पंत युवराज सिंह के पास गए। अर्जुन ने बताया कि वह भी रोजाना युवराज के पास जाकर अभ्यास करते हैं। शादी के अगले दिन ही अर्जुन अभ्यास के लिए युवराज के पास पहुंचे थे जिसे देखकर पंत फिर चौंक गए।
2020 से अर्जुन मुंबई इंडियंस में थे लेकिन उन्होंने केवल पांच मैच खेले। 2023 और 2024 में वे बल्ला लेकर मैदान में उतरे।