इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी लंदन में भगोड़े कारोबारी विजय माल्या के साथ पार्टी करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में ललित मोदी व्यंग्य करते हुए खुद को और माल्या को ‘भारत के सबसे बड़े भगोड़े’ कहते सुने जा सकते हैं। सोशल मीडिया पर इसे देश का मजाक उड़ाने के रूप में देखा जा रहा है।
ललित मोदी ने इस वीडियो को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, ‘चलिए भारत में इंटरनेट पर फिर से धूम मचाते हैं। जन्मदिन मुबारक हो मेरे दोस्त विजय माल्या। लव यू.’ इससे भगोड़े कारोबारी के साथ उनकी दोस्ती का खुला प्रदर्शन साफ झलकता है।
इस पोस्ट को भारत सरकार का घोर मजाक उड़ाने के रूप में देखा जा रहा है, जो ललित मोदी और विजय माल्या के प्रत्यर्पण की सालों से कोशिश कर रही है। ललित मोदी 2010 में भारत छोड़कर चले गए थे, जबकि माल्या 2016 में फरार हो गए थे।
वैसे ये कोई पहली बार नहीं है जब इन दोनों भगोड़ों ने एक साथ पार्टी करते हुए वीडियो शेयर किए हैं। इसी महीने की शुरुआत में ललित मोदी ने भगोड़े कारोबारी विजय माल्या के लिए लंदन में एक भव्य बर्थडे पार्टी का आयोजन किया था।
लंदन में जमकर पार्टी कर रहे ललित मोदी और विजय माल्या, दोनों भगोड़ों की फोटोज वायरल
ललित मोदी ने अपने घर पर रखी इस पार्टी को शानदार और ग्रैंड बताया था। दुनिया भर के दोस्त इसमें इकट्ठे हुए थे। माल्या को ‘किंग ऑफ गुड टाइम्स’ बताया था। पूर्व शराब कारोबारी के 70 साल पूरे होने पर उन्होंने माल्या को सुख-समृद्धि की शुभकामनाएं दीं।
गेस्ट लिस्ट में कथित तौर पर बायोकॉन की संस्थापक किरण मजूमदार-शॉ, अभिनेता इदरीस एल्बा और फैशन डिजाइनर मनोविराज खोसला शामिल थे। तस्वीरों में मजूमदार-शॉ खोसला के साथ पोज देती और एल्बा से बातचीत करती नजर आ रही हैं।
ललित मोदी आईपीएल में धांधली और मनी लॉन्ड्रिंग सहित वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों के बीच 2010 में भारत छोड़कर चले गए थे। किंगफिशर एयरलाइंस के पतन के बाद कानूनी मुश्किलें बढ़ने पर विजय माल्या मार्च 2016 में भारत से भाग गए, उन पर 9,000 करोड़ रुपये से ज्यादा के बैंक ऋणों से संबंधित धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप हैं और भारतीय अधिकारी उन्हें ढूंढ रहे हैं।