सर्दियों में होंठों की नमी कहीं खो सी जाती है। सर्दियों के मौसम में ठण्डी शुष्क हवाओं के प्रभाव से होंठों में जलन, चुभन आदि समस्या आम समय के मुकाबले कहीं ज्यादा बढ़ जाती है। फटे होंठ दिखने में अच्छे नहीं लगते और शारीरिक पीड़ा का कारण भी बन जाते हैं। शरीर के बाकी हिस्सों के मुकाबले होंठों की खुले रहते हैं।
इस वजह से मौसम की मार भी होंठों को ही सबसे ज्यादा सहना पड़ता है। होंठों की त्वचा चेहरे की त्वचा से ज्यादा पतली और नाजुक होती है। विशेषज्ञों का कहना है कि होंठों की त्वचा चेहरे की त्वचा से दस गुणा तेजी से शुष्क होती है। होंठों के फटने की समस्या साल ही होती है लेकिन सर्दियों के मौसम में वातावरण में नमी में कमी आने की वजह से यह कहीं ज्यादा गंभीर हो जाती है। मौसम के अलावा ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर आदि रोगों से पीड़ित लोगों को भी होंठ फटने की समस्या से दो चार होना पड़ता है।
अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सौंदर्य विशेषज्ञ शहनाज हुसैन का मानना है कि कुछ घरेलू उपचारों से फटे होंठों की समस्या पर आसानी से काबू पाया जा सकता है -
- मौसम कोई भी हो होंठों को मुलायम और कोमल बनाये रखने के लिए दिन में 8-10 ग्लास ताजा पानी पीएं। इससे शरीर की नमी बरकरार रहेगी और होंठों के फटने की समस्या से निपटा जा सकता है।
- रात को सोने से पहले होंठों पर शुद्ध ऑर्गेनिक शहद लगाएं और सुबह ताजे सामान्य पानी से धो डालें।
- गुलाब जल और ग्लिसरीन को बराबर मात्रा में मिलाकर बने मिश्रण को रात को होंठों पर लगा कर सुबह पानी से धो डालें।
- सर्दियों में होंठ फटने से रोकने के लिए नियमित रूप से स्क्रब करना बहुत जरूरी होता है। इससे होंठों की मृत कोशिकाएं हट जाती हैं। इसके लिए शहद और चीनी को मिलाकर स्क्रब बनाएं।
- गाय का घी गर्म करके इसे उंगली पर लेकर होंठों की हल्का मसाज करें। इससे होंठों पर रक्त संचार बढ़ेगा।
- सुबह नहाने के बाद और रात को सोने से पहले नाभि पर सरसों का तेल लगाने से फटे होंठों की समस्या से राहत मिलेगी।
प्राकृतिक पदार्थों से बनी लिपस्टिक-लिप बाम का इस्तेमाल
सौंदर्य विशेषज्ञों का मानना है कि नारियल तेल, आर्गन ऑयल वाले बाम, लिपिस्टिक के प्रयोग से होठों को फटने से बचाया जा सकता है। ऐसे लिप बाम का प्रयोग करें जिसमें ग्लिसरीन, पेट्रोलियम जेली, हर्बल ऑयल हो। हमेशा कपूर, युकलिप्टुस या मेंथोल वाले लिप बाम से परहेज करें। इससे होंठ ज्यादा शुष्क हो सकते हैं।
- होंठों पर विटामिन ई युक्त लिप बाम का उपयोग कीजिए। रात को बादाम तेल या क्रीम लगाकर इसे रातभर लगा रहने दें।
- लिपस्टिक को हमेशा क्लीजिंग क्रीम या जेल से हटाइए।
- सर्दियों में अपने होंठों को जीभ से बिल्कुल मत चाटें।
होंठों की कैसे करें देखरेख?
सर्दियों में चेहरे को धोने के बाद होंठों को मुलायम तौलिये से हल्के से पोंछे। रात को प्रतिदिन एक घंटा तक होंठों पर मलाई लगा कर रखें। अगर होठों का रंग काला पड़ गया है तो मलाई में नींबू के जूस की कुछ बूंदें मिलाकर लगाएं। रात में शुद्ध बादाम तेल होंठों को पौष्टिकता प्रदान करने में अहम भूमिका निभाते हैं। नारियल तेल को चेहरे का मेकअप हटाने में प्रयोग किया जा सकता है। भोजन में खट्टे फल, पका पपीता, टमाटर, हरी पत्तेदार सब्जियां, गाजर, जई तथा दुग्ध पदार्थों को जरूर शामिल करें।