कडप्पाः आंध्र प्रदेश के कडप्पा जिले में एकतरफा प्रेम के कथित मामले में एक इंटरमीडिएट छात्रा की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार यह घटना खाजीपेट इलाके में हुई, जिसने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी।
पुलिस के मुताबिक अभियुक्त वेंकटेश काफी समय से छात्रा को परेशान कर रहा था और उस पर शादी के लिए दबाव बना रहा था। जब छात्रा ने उसके प्रस्ताव को ठुकरा दिया तो उसने कथित तौर पर उसका गला रेत दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर अभियुक्त को हिरासत में ले लिया।
हालांकि शनिवार सुबह जब उसे मैदुकुर से किसी अन्य स्थान पर ले जाया जा रहा था, तभी उसने दो पुलिस कांस्टेबलों पर हमला कर भागने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार पहले उसे रोकने के लिए हवाई फायरिंग की गई लेकिन जब वह नहीं रुका तो उसके पैरों पर गोली चलाई गई जिससे वह घायल हो गया।
घायल अभियुक्त को तुरंत कडप्पा के रिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। इस पूरे घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए कडप्पा के पुलिस अधीक्षक शेल्के नचिकेत विश्वनाथ ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच जारी है।