चण्डीगढ़ : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के बीच एक ओर जहां मैदान पर रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं वहीं मैदान के बाहर भी विवाद थमने का नाम नहीं ले रहे। इस बार पंजाब किंग्स के स्टार स्पिनर युजवेंद्र चहल एक वायरल वीडियो के कारण चर्चा में आ गए हैं।
दरअसल सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से फैल रहा है जिसमें चहल अपनी दो-सीटर बीएमडब्ल्यू कार चलाते नजर आ रहे हैं। उनके साथ एक दोस्त भी मौजूद है। वीडियो में देखा गया कि ड्राइविंग के दौरान चहल ने जलती हुई सिगरेट कार से बाहर फेंक दी। यह वीडियो एक फैन ने अपनी गाड़ी से रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर शेयर किया जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया।
वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। कई यूजर्स ने इसे गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार बताया। लोगों का कहना है कि चलती गाड़ी से जलती सिगरेट फेंकना न केवल खतरनाक है बल्कि इससे पर्यावरण को भी नुकसान पहुंच सकता है। कुछ लोगों ने यह भी कहा कि एक प्रसिद्ध खिलाड़ी होने के नाते चहल को जिम्मेदारी का उदाहरण पेश करना चाहिए था।
हालांकि इस पूरे मामले पर अभी तक युजवेंद्र चहल की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि वह इस विवाद पर क्या सफाई देते हैं या नहीं।
वहीं अगर उनके खेल प्रदर्शन की बात करें तो इस सीजन में चहल का प्रदर्शन अच्छा रहा है। उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ पहले मैच में 28 रन देकर 2 विकेट लिए थे। इसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मुकाबले में 21 रन देकर 1 विकेट हासिल किया। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ तीसरा मैच बारिश के कारण रद्द हो गया जिससे उन्हें गेंदबाजी का मौका नहीं मिला।
कुल मिलाकर जहां एक ओर चहल का प्रदर्शन टीम के लिए अहम साबित हो रहा है वहीं यह विवाद उनकी छवि पर सवाल खड़े कर रहा है।