🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

मणिपुर में एक बार फिर हिंसा, घर लौटे ग्रामीणों को बनाकर निशाना, चली गोलियां

यह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह गोलीबारी किसने की?

By कौशिक दत्त, Posted by: प्रियंका कानू

Dec 17, 2025 12:47 IST

इम्फाल: मणिपुर में एक बार फिर हिंसा और तनाव फैल गया है। लगभग 31 महीने राहत शिविरों में बिताने के बाद क्रिसमस से पहले अपने घर लौटे ग्रामीणों को निशाना बनाकर गोलीबारी किए जाने का आरोप है। यह गोलीबारी किसने की यह अभी स्पष्ट नहीं है हालांकि संदेह जताया जा रहा है कि इसमें कुकी उग्रवादी शामिल हो सकते हैं। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार मंगलवार रात मणिपुर के बिष्णुपुर जिले के तोरबंग और फुगाकचाओ इखाई इलाके के कई गांवों में गोलीबारी हुई। जिन गांवों को निशाना बनाया गया वे मैतेई समुदाय बहुल हैं। यह इलाका कुकी जो बहुल चुराचांदपुर जिले की सीमा से सटा हुआ है।

हाल ही में पहाड़ी इलाक़ों से सटे तोरबंग और फुगाकचाओ इखाई क्षेत्रों में 389 बेघर लोग अपने घर लौटे थे। मणिपुर में मैतेई और कुकी समुदायों के बीच संघर्ष शुरू होने के बाद वे लगभग 31 महीने राहत शिविरों में रह रहे थे। सूत्रों के मुताबिक मंगलवार रात पहाड़ी क्षेत्रों से इन गांवों को निशाना बनाकर गोलीबारी की गई। बिष्णुपुर जिले के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि देर रात तक यह साफ नहीं हो पाया था कि किसने और क्यों ग्रामीणों पर गोली चलाई। इस घटना में किसी के हताहत होने की पुष्टि की जा रही है। रात में ही सुरक्षा बल मौके पर पहुंच गए थे।

गौरतलब है कि मई 2023 में मणिपुर में कुकी और मैतेई समुदायों के बीच जातीय संघर्ष शुरू हुआ था। जिन इलाक़ों में सबसे पहले हिंसा फैली थी, उनमें फुगाकचाओ इखाई भी शामिल है। इस जातीय संघर्ष में अब तक लगभग 260 लोगों की मौत हो चुकी है और करीब 62 हज़ार लोग बेघर हो गए हैं। ढाई साल बाद भी राज्य में पूरी तरह शांति बहाल नहीं हो सकी है। इसी के चलते इस साल फरवरी में मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह को अपने पद से इस्तीफ़ा देना पड़ा और राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू किया गया। हाल ही में राज्य के सभी भाजपा विधायकों को दिल्ली तलब किया गया था। इस बीच बेघर लोगों को दोबारा उनके घरों में बसाने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।

Prev Article
भारत के ‘सेवेन सिस्टर्स’ राज्यों पर ढाका की बुरी नजर, ‘हमारे पास परमाणु बम..’, हिमंत ने दी चेतावनी
Next Article
कोट्टायम स्कूल मामला: कक्षा 5 के छात्र की हड्डी टूटी, शिक्षक पर गंभीर आरोप

Articles you may like: