अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में कल यानी रविवार को T20 विश्वकप का फाइनल भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। जाहिर सी बात है दोनों टीमें ही अपने जी-जान से इस मैच को खेलने की कोशिश करने वाली हैं। अगर भारत यह मैच जीतता है तो T20 के इतिहास में यह भारत की तीसरी और लगातार दूसरी जीत होगी।
इसके साथ ही भारत लगातार दो बार T20 विश्वकप की ट्रॉफी उठाने वाला पहला देश बन जाएगा। वहीं न्यूजीलैंड को कम आंकना भी सही नहीं होगा।
दिलचस्प बात यह भी है कि कल जब भारत और न्यूजीलैंड की टीम T20 के मैदान पर एक-दूसरे से भिड़ेगी तो ICC टूर्नामेंट के तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे और T20) के फाइनल में एक-दूसरे के आमने-सामने होने वाली पहली टीम्स बन जाएगी।
भारतीय क्रिकेट टीम अपने प्लेइंग 11 के साथ मैदान में जब उतरेगी उसमें 4 ऐसे भी प्रमुख खिलाड़ी होंगे जिनकी सिर्फ खेल के मैदान से ही नहीं बल्कि ब्रांड से भी अच्छी खासी कमाई होती है। यहां हम बात कर रहे हैं सूर्यकुमार यादव, जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पांड्या और संजू सैमसन की। क्या आप जानते हैं कि इन चारों में एक क्या कॉमन चीज है?
भारतीय क्रिकेट टीम के ये चारों खिलाड़ी ही लग्जरी गाड़ियों के शौकीन हैं।
चलिए एक नजर देख लेते हैं कि भारतीय क्रिकेट टीम का कौन सा खिलाड़ी सड़कों पर कौन सी लग्जरी गाड़ी से फर्राटे भरता है?
सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) -
मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि सूर्यकुमार यादव सिर्फ क्रिकेट ही नहीं बल्कि विज्ञापन और सोशल मीडिया से भी अच्छी कमाई करते हैं। इसके अलावा IPL से सूर्यकुमार यादव की कमाई अच्छी होने की वजह से ही उनकी गिनती भारत के अमीर क्रिकेटर्स में होती है। news18 की मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सूर्यकुमार यादव के पास मुंबई में एक आलीशान घर होने के साथ ही वह कई लग्जरी गाड़ियों के भी मालिक हैं।
बताया जाता है कि सूर्यकुमार यादव का नेटवर्थ करीब 55 करोड़ रुपए से कुछ ज्यादा है। मुंबई के चेंबुर इलाके में सूर्यकुमार यादव का जो घर है, उसकी कीमत करोड़ों रुपए बतायी जाती है। बात अगर लग्जरी गाड़ियों की करें तो सूर्यकुमार यादव बीएमडब्ल्यू, ऑडी, मर्सिडीज और टोयोटा फॉर्चुनर के मालिक बताए जाते हैं। इनमें से उनके पास ऑडी ए6 गाड़ी है जिसकी कीमत करीब 70 लाख रुपए बतायी जाती है।
जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) -
जसप्रीत बुमराह के हाथों में जब गेंद रहती है तो हर कोई बस सांसे थामकर ही मैच देखता है। वह अपनी खतरनाक गेंदबाजी के लिए दुनिया भर में मशहूर हैं। बुमराह के साथ-साथ उनकी लग्जरी गाड़ियों का कलेक्शन भी काफी फेमस है। जसप्रीत बुमराह की लग्जरी गाड़ियों के कलेक्शन में लगभग 90 लाख रुपए कीमत वाली रेंज रोवर वेलार, 2.55 करोड़ के आसपास की कीमत वाली लाल रंग की मेबैक एस560 शामिल है।
DNA की मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि इस गाड़ी की टॉप स्पीड 240 किमी/घंटा के आसपास है। इसके अलावा जसप्रीत के पास निसान की स्पोर्ट्स कार जीटी-आर भी है जिसकी कीमत लगभग 2.15 करोड़ रुपए बतायी जाती है।
हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) -
पिछले दिनों हार्दिक पांड्या ने अपने बेटे अगस्त को लग्जरी गाड़ी गिफ्ट दी थी जो सोशल मीडिया का सेंशेसन बना गया था। इससे ही पता चलता है कि हार्दिक पांड्या को लग्जरी गाड़ियों का कितना शौक है। बात अगर उनकी लग्जरी गाड़ियों के कलेक्शन की करें तो Times Now की मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि हार्दिक के कलेक्शन में लैम्बॉर्गिनी, ऑडी ए6, रेंज रोवर स्पोर्ट, रोल्स रॉयस फैनटम आदि गाड़ियां शामिल हैं।
हार्दिक पांड्या के कलेक्शन में लैम्बॉर्गिनी की सबसे पावरफुल मॉडल लैम्बॉर्गिनी ह्यूराकेन EVO शामिल है। इसके साथ ही ऑडी ए6 भी हार्दिक की सबसे पसंदीदा गाड़ियों में से एक है जो उनके कलेक्शन का भी हिस्सा है। रेंज रोवर स्पोर्ट एसई डाइनामिक हार्दिक के कलेक्शन का हिस्सा है जो अपनी ऑफ-रोड क्षमताओं के लिए जाना जाता है। हार्दिक पांड्या के कलेक्शन की सबसे महंगी गाड़ी रोल्स रॉयस फैनटम है, जिसकी कीमत लगभग 9.5 करोड़ रुपए बतायी जाती है।
संजू सैमसन (Sanju Samsan) -
T20 विश्वकप के सेमीफाइनल में अगर भारत वेस्ट इंडिज को हरा सका तो उसमें संजू सैमसन का बहुत बड़ा योगदान माना जा रहा है। इसके बाद से ही संजू सैमसन इंटरनेट पर हॉट केक बने हुए हैं। news18 की मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक संजू सैमसन सिर्फ कमाई करना ही नहीं बल्कि निवेश करना भी बखूबी जानते हैं। दावा किया जाता है कि केरल के तिरुवनंतपुरम में उनका 6 करोड़ रुपए का एक शानदार बंगला है।
इसके साथ ही उनके पास मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद में भी प्रॉपर्टी है। संजू सैमसन लग्जरी गाड़ियों के शौकीन भी बताए जाते हैं। उनकी गाड़ियों के कलेक्शन में रेंज रोवर स्पोर्ट्स कार शामिल है जिसकी कीमत करीब 1.64 करोड़ से 1.84 करोड़ रुपए के बीच बतायी जाती है। इसके साथ ही बीएमडब्ल्यू की 5 सीरीज (कीमत लगभग 52 लाख रुपए), ऑडी ए6 (कीमत लगभग 65 लाख रुपए) भी उनकी लग्जरी गाड़ी के कलेक्शन में शामिल हैं।