अहमदाबादः भारत और न्यूजीलैंड के बीच ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला रविवार (8 मार्च) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। खिताबी मुकाबले के लिए कीवी टीम अहमदाबाद पहुंच चुकी है। उसने पहला सेमीफाइनल खेला था। बुधवार को कोलकाता के ईडन गार्डंस स्टेडियम में साउथ अफ्रीका को रौंदने के बाद अगले दिन न्यूजीलैंड की टीम ने अहमदाबाद की फ्लाइट पकड़ी।
कीवी टीम ने अहमदाबाद पहुंचकर ट्रेनिंग भी शुरू कर दी है। उधर भारतीय टीम दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराने के बाद शुक्रवार को अहमदाबाद पहुंची। टीम इंडिया शनिवार को ट्रेनिंग करेगी। इस बीच पिच को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। फाइनल मुकाबला उसी तरह की पिच पर खेला जाएगा, जैसी पिच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत-इंग्लैंड के बीच खेले गए सेमीफाइनल में इस्तेमाल की गई थी।
फाइनल के लिए कैसी होगी पिच ?
सेमीफाइनल के लिए वानखेड़े स्टेडियम में हरी पिच तैयार की गई थी। पिच को लेकर पहले सवाल उठे थे लेकिन यहां 499 रन बन गए। खिताबी मुकाबले के लिए अहमदाबाद की पिच भी कुछ ऐसी ही होगी। ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक, लाल और काली मिट्टी के मिश्रण से तैयार हुई सेंटर पिच पर फाइनल मुकाबला होगा। वानखेड़े की तरह यहां भी अच्छी उछाल देखने को मिलेगी। स्पिनरों के लिए कम मदद रहने की संभावना है। फाइनल मुकाबला भी हाई-स्कोरिंग रहने वाला है।
भारत-न्यूजीलैंड फाइनल मुकाबले में इस्तेमाल की जाने वाली पिच पर इस टी20 वर्ल्ड कप का एक ही मैच खेला गया है। यानी पिच लगभग फ्रेश है। इस पिच पर साउथ अफ्रीका और कनाडा का मैच 9 फरवरी को हुआ था। उस मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने 213 रन का स्कोर खड़ा किया था।
फाइनल के दोनों टीमों का स्क्वॉड:
भारतः अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, रिंकू सिंह, वॉशिंगटन सुंदर।
न्यूजीलैंडः टिम साइफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), जिमी नीशम, कोले मैककॉन्ची, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन, जैकब डफी, ईश सोढ़ी, काइल जेमिसन, डेवोन कॉनवे।