नई दिल्ली: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड का नाटक थमने का नाम नहीं ले रहा है। 2026 टी20 विश्व कप को लेकर पीसीबी लगातार विवादित फैसलों की वजह से सुर्खियों में बना हुआ है। पहले भारत-पाकिस्तान मैच खेलने से इनकार किया गया और अब उस मुकाबले को खेलने के लिए पाकिस्तान ने एक नई शर्त जोड़ दी है।
पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अगर बांग्लादेश को फिर से टी20 विश्व कप में शामिल किया जाता है, तभी पाकिस्तान भारत के खिलाफ मैच खेलेगा। गौरतलब है कि 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला होना था लेकिन पीसीबी पहले ही इस मैच का बहिष्कार करने का फैसला कर चुका है। इस पूरे विवाद की जड़ है बांग्लादेश का टी20 विश्व कप से बाहर होना। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया क्योंकि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने अचानक सभी मैच भारत से हटाकर श्रीलंका में कराने की मांग रखी थी। इस मांग के पीछे आईपीएल से मुस्ताफिजुर रहमान को बाहर किए जाने को लेकर पैदा हुआ असंतोष बताया गया।
आईसीसी ने इस मांग को मानने से इनकार कर दिया। जब मामला वोटिंग तक पहुंचा, तो बीसीबी को भारी अंतर से हार का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद बांग्लादेश बोर्ड अपनी मांग पर अड़ा रहा। अंततः आईसीसी ने सख्त फैसला लेते हुए बांग्लादेश को बाहर कर दिया और उसकी जगह स्कॉटलैंड को टी20 विश्व कप में खेलने का मौका दिया। बांग्लादेश के बाहर होने के बाद पाकिस्तान ने इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देना शुरू कर दिया। पीसीबी ने इस पर अपनी सरकार से चर्चा की और तय किया कि पाकिस्तान विश्व कप में खेलेगा जरूर लेकिन भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करेगा।
पाकिस्तान के इस रुख के चलते आईसीसी ने उसे कड़ी चेतावनी दी है। यहां तक कहा गया है कि इस फैसले के कारण पाकिस्तान को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है। पीसीबी इस बात से भली-भांति अवगत है इसलिए माना जा रहा है कि दबाव बढ़ने पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड जल्द ही इस मुद्दे पर यू-टर्न ले सकता है।