इस पूरे विवाद के खड़े होने के बाद आईसीसी ने एक बयान जारी कर कहा कि टूर्नामेंट ईमानदारी, प्रतिस्पर्धा, निरंतरता और निष्पक्षता पर आधारित होते हैं। इसमें सशर्त भागीदारी प्रतियोगिता की मूलभावना और पवित्रता को कमजोर करती है। हालांकि, आईसीसी राष्ट्रीय नीति के मामलों में सरकारों की भूमिका का सम्मान करता है, लेकिन यह फैसला वैश्विक खेल या दुनिया भर के फैंस जिसमें पाकिस्तान के लाखों प्रशंसक भी शामिल हैं, उनके हित में नहीं है। आईसीसी ने इशारों-इशारों में पीसीबी को चेतावनी भी दी है। उसने कहा कि उम्मीद है पाकिस्तान अपने देश में क्रिकेट के लिए महत्वपूर्ण और दूरगामी प्रभावों पर विचार करेगा, क्योंकि इससे वैश्विक क्रिकेट के इकोसिस्टम पर असर पड़ने की संभावना है, जिसका वह खुद एक सदस्य और लाभार्थी है। गौरतलब है कि आईसीसी के मौजूदा अध्यक्ष जय शाह हैं। आईसीसी के इस निर्णय का पूरा समर्थन BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने किया।
बहिष्कार का क्या नतीजा होगा, पाकिस्तान को क्या सजा मिलेगी
पाकिस्तान का यह फैसला उस पर ही भारी पड़ने वाला है। भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करना और आईसीसी से टकराव मोल लेना पाकिस्तान के लिए भारी पड़ेगा। इस फैसले से पाकिस्तान की छवि को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ आगे चलकर उस पर प्रतिबंध या अन्य सख्त कार्रवाई की आशंका भी बढ़ सकती है। वहीं, अंक तालिका के नजरिए से देखें तो इस स्थिति में भारत को ही फायदा मिलता नजर आ रहा है।
भारत को कैसे मिलेगा विश्व कप में फायदा
आगामी 15 फरवरी को कोलंबो के मैदान पर अगर भारत-पाकिस्तान मैच में पाकिस्तान क्रिकेट टीम खेलने नहीं उतरी तो भारतीय टीम को बिना मैच खेले विजेता घोषित करते हुए जीत के अंक मिल जाएंगे। नियमों के अनुसार अगर कोई टीम मैच खेलने से इनकार करती है तो विपक्षी टीम को वॉकओवर दे दिया जाता है, इसका मतलब है कि भारत को सीधे दो अंक मिलेंगे, इससे भारत का सेमीफाइनल में पहुंचना और आसान हो जाएगा, जबकि पाकिस्तान का विश्व कप अभियान मुश्किल में पड़ सकता है।
क्या दबाव में पाकिस्तान पलटेगा फैसला
पाकिस्तान क्रिकेट अपने अजीबोगरीब फैसले और फिर उन फैसलों पर यू-टर्न लेने के लिए मशहूर रहा है। आगामी विश्व कप में भी ऐसा मुमकिन हो सकता है जब उन्हें इस बात का अंदाजा हो जाएगा कि इसके दूरगामी परिणाम क्या होंगे, उन्हें आर्थिक तौर पर कितना बड़ा नुकसान झेलना पड़ सकता है और विश्व स्तर पर उसकी छवि पर क्या असर पड़ेगा।