इस्लामाबाद : लाहौर में पाकिस्तान सुपर लीग की पहली नीलामी आयोजित की गई। यह पहली बार है जब PSL में खिलाड़ियों की नीलामी हुई। IPL की तर्ज पर नीलामी कराने की कोशिश की गई लेकिन कदम-कदम पर सवाल उठे।
PSL जहां IPL को टक्कर देने का दावा करता है वहीं नीलामी में सबसे ज्यादा रकम पाने वाला खिलाड़ी भी भारत के अनकैप्ड खिलाड़ियों के आसपास नहीं पहुंच सका। यानी IPL में अनकैप्ड खिलाड़ियों को जितनी रकम मिलती है PSL में सबसे महंगे खिलाड़ी की कीमत भी उसके आसपास नहीं है।
PSL की नीलामी में आठ फ्रेंचाइजियों ने हिस्सा लिया। हर टीम के पास 50.5 करोड़ पाकिस्तानी रुपये का पर्स था जो भारतीय मुद्रा में लगभग 16.34 करोड़ रुपये के बराबर है। नीलामी में सबसे ज्यादा रकम लेकर रावलपिंडी और हैदराबाद उतरे थे। अन्य टीमों के पास कम राशि थी क्योंकि उन्होंने पहले ही कई खिलाड़ियों को रिटेन कर लिया था।
नीलामी के बाद सबसे ज्यादा रकम पाने वाले खिलाड़ी रहे पाकिस्तान के तेज गेंदबाज नसीम शाह। उन्हें रावलपिंडी फ्रेंचाइजी ने 8.65 करोड़ पाकिस्तानी रुपये में खरीदा जो भारतीय मुद्रा में लगभग 2.8 करोड़ रुपये है।
वहीं IPL की नीलामी में किसी खिलाड़ी की न्यूनतम बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये होती है। एक-दो बोली में ही यह रकम 2.8 करोड़ से ऊपर पहुंच जाती है। यही IPL और PSL के बीच का बड़ा अंतर दिखाता है।
हालांकि नसीम शाह नीलामी में सबसे महंगे रहे लेकिन इस सीजन PSL में सबसे ज्यादा वेतन पाने वाले खिलाड़ी हैं स्टीव स्मिथ। उन्हें सियालकोट स्टैलियंस ने सीधे 14 करोड़ पाकिस्तानी रुपये (लगभग 4.53 करोड़ भारतीय रुपये) में साइन किया है।
तुलना करें तो IPL के सबसे महंगे खिलाड़ी ऋषभ पंत को 27 करोड़ रुपये मिले, जो पाकिस्तानी मुद्रा में 83.40 करोड़ रुपये के बराबर है। इन आंकड़ों से दोनों लीगों के बीच का अंतर साफ दिखाई देता है।
PSL नीलामी में सबसे ज्यादा कीमत पाने वाले पांच खिलाड़ी
नसीम शाह – 8.65 करोड़ (रावलपिंडी)
फहीम अशरफ – 8.50 करोड़ (इस्लामाबाद यूनाइटेड)
डैरिल मिचेल – 8.05 करोड़ (रावलपिंडी)
फखर जमान – 7.96 करोड़ (लाहौर कलंदर्स)
डेविड वॉर्नर – 7.9 करोड़ (कराची किंग्स)