चलती ट्रेन से गिरने वाली थी एक महिला। उन्हें गिरते देख एक रेलकर्मी दौड़े आए। कर्मी की तत्परता से आखिरी क्षण में महिला की जान बच गई। सोशल मीडिया पर उस महिला की जान बचाने वाले उस क्षण का वीडियो वायरल हो गया है। जिस तरह अपने जीवन को जोखिम में डालकर रेलकर्मी ने महिला की जान बचाई, उसे देखकर नेटिज़न्स उन्हें सलाम कर रहे हैं।
यह घटना तमिलनाडु के तांबरम रेलवे स्टेशन के 2 नंबर प्लेटफॉर्म की है। 20 दिसंबर को, एक महिला बीच जाने वाली लोकल ट्रेन में चढ़ी थी। जब वह डिब्बे में चढ़ीं, तब ट्रेन चलने लगी थी। चलती ट्रेन में चढ़ते समय उनका पैर फिसल गया। किसी भी समय महिला की मौत हो सकती थी लेकिन एक रेलवे कर्मचारी की तत्परता से उस महिला की जान बचा ली गई।
उस महिला को बचाने का वीडियो दक्षिण रेलवे की ओर से सोशल मीडिया पर साझा किया गया है। इसमें बताया गया है कि नीतिश कुमार नामक कर्मचारी की वजह से ही महिला यात्री की जान बची। नीतिश कुमार तांबरम स्टेशन के टिकट जांच कर्मचारी हैं।
उस वीडियो में देखा गया है कि नीतीश कुमार अपने कार्यालय में बैठे थे। नंबर 2 प्लेटफॉर्म पर चलती ट्रेन में महिला को गिरते देख वह दौड़ते हुए आए। काफी दूरी तक दौड़ने के बाद उन्होंने महिला को खींचकर नीचे उतारा। रेलवे की ओर से बताया गया है कि यदि उस महिला को बचाया नहीं जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
34 सेकंड का यह वीडियो नेटिज़ेंस का ध्यान खींच चुका है। जिस तरह नीतीश कुमार ने उस महिला की जान बचाई, उसे बहुत ही साहसिक कार्य बताया गया है। कई लोगों ने बताया कि वह दृश्य देखकर उनका दिल थम सा गया था। साथ ही, इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचने के लिए कई लोगों ने लोकल ट्रेनों में ऑटोमैटिक दरवाजे लगाने का प्रस्ताव दिया है। कुछ का मानना है कि ट्रेन के डिब्बे और प्लेटफॉर्म के बीच जो दूरी है, उसके कारण भी अक्सर दुर्घटनाएं होती हैं। उनका यह भी सुझाव है कि इस दूरी को कम किया जाना चाहिए।