विजय हजारे ट्रॉफी के पहले ही दिन रिकॉर्ड्स की झड़ी लग गई। बल्ले से तूफानी शतकों के साथ वैभव सूर्यवंशी और शाकिबुल गनी ने नए कीर्तिमान बनाए। बिहार ने 584 रन बनाकर विश्व रिकॉर्ड कायम किया। 33 गेंदों में शतक लगाकर ईशान किशन भी चर्चा में आ गए। अब ओडिशा के क्रिकेटर स्वस्तिक सामल ने भी रिकॉर्ड बुक में अपनी जगह बना ली है। बुधवार को पहले मैच में उन्होंने सौराष्ट्र के खिलाफ शानदार डबल सेंचुरी जड़ी। उन्होंने 169 गेंदों में 212 रन की पारी खेली और इसके साथ एक नया रिकॉर्ड अपने नाम किया। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने भारतीय स्टार क्रिकेटर यशस्वी जायसवाल को पीछे छोड़ दिया।
स्वस्तिक ने कौन सा रिकॉर्ड बनाया?
आईपीएल नीलामी में स्वस्तिक सामल ने अपना नाम दर्ज कराया था लेकिन किसी भी टीम ने उन्हें नहीं खरीदा। अब विजय हजारे ट्रॉफी में उन्होंने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। ओडिशा की ओर से ओपनिंग करते हुए स्वस्तिक ने 169 गेंदों में 212 रन की पारी खेली। उनकी इस पारी में 21 चौके और 8 छक्के शामिल थे। इस दमदार पारी के बाद उन्होंने कई रिकॉर्ड बना दिए। स्वस्तिक ओडिशा के पहले क्रिकेटर बन गए जिन्होंने लिस्ट-ए क्रिकेट में डबल सेंचुरी लगाई। उन्होंने भारत के एक और युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल को भी पीछे छोड़ दिया। 2019 में झारखंड के खिलाफ एक मैच में जायसवाल ने 203 रन बनाए थे। स्वस्तिक ने इस पारी के साथ मुंबई के इस बल्लेबाज को पीछे छोड़ते हुए विजय हजारे ट्रॉफी के इतिहास में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर की सूची में पांचवां स्थान हासिल किया। स्वाभाविक रूप से, इस प्रदर्शन के बाद वह सुर्खियों में आ गए। इस सूची में शीर्ष पर नारायण जगदीशन हैं, जिन्होंने 2022 में तमिलनाडु की ओर से 277 रन की पारी खेली थी।
स्वस्तिक की पारी
ओपनिंग करते हुए स्वस्तिक ने धैर्य के साथ अपनी पारी को संवारना शुरू किया। उन्होंने बिना जरूरत बड़े शॉट खेलने की कोशिश नहीं की और जल्दबाजी से भी बचते रहे। 59 रन पर 3 विकेट गिरने के बाद उन्होंने टीम को संभाला। कप्तान बिप्लब सामंतरा के साथ उन्होंने 261 रन की साझेदारी की। बिप्लब ने 100 रन बनाए और आउट हो गए लेकिन स्वस्तिक आखिरी ओवर तक क्रीज पर टिके रहे। अंततः वह 169 गेंदों में 212 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस शानदार पारी की बदौलत ओडिशा ने 345 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।