क्रिसमस ईव (Christmas Eve) पर ही तापमान का पारा लुढ़क कर 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच चुका था। मौसम विभाग ने पहले ही भविष्यवाणी भी कर दी थी कि बड़ा दिन के मौके पर ठंडक का जमकर अहसास होगा और लोग इसे खूब एंजॉय कर सकेंगे। इस पूर्वानुमान को सच साबित करते हुए गुरुवार की सुबह कोलकाता का तापमान 14 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला गया।
सिर्फ कोलकाता ही नहीं बल्कि उत्तर बंगाल और दक्षिण बंगाल के दूसरे जिलों में भी जमकर ठंड पड़ रही है लोग जिसका आनंद भी उठा रहे हैं। लेकिन ज्यादा दिनों तक नहीं टिकेगी ठंड। क्यों? क्रिसमस की सुबह कितना लुढ़का कोलकाता व दार्जिलिंग का पारा?
कोलकाता में बढ़ी ठंड
मौसम विभाग ने पहले ही अनुमान लगाया था कि क्रिसमस के समय कोलकाता में जमकर ठंड पड़ने वाली है। हुआ भी कुछ ऐसा ही! क्रिसमस की सुबह (गुरुवार) कोलकाता का न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पिछले 9 सालों में ऐसा दूसरी बार हुआ है जब बड़ा दिन के मौके पर कोलकाता का तापमान 13 डिग्री सेल्सियस पर उतर गया होगा।
इससे पहले 25 दिसंबर 2016 में कोलकाता का न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। बता दें, कोलकाता में इस मौसम का सबसे ठंड दिन भी आज रहा। क्रिसमस की सर्द सुबह को देखकर घूमने-फिरने निकलने वाले लोगों का मन बाग-बाग हो चुका है।
कैसा है राज्य भर का हाल?
सिर्फ कोलकाता ही नहीं बल्कि राज्य के दूसरे हिस्सों का तापमान भी काफी नीचे गया है, जिसे स्थानीय लोग दिल खोलकर एंजॉय कर रहे हैं। पर्वतीय इलाकों से लेकर तटवर्तीय क्षेत्रों तक में पारा नीचे जा चुका है। क्रिसमस की सुबह दार्जिलिंग का न्यूनतम तापमान लुढ़कर 3.2 डिग्री सेल्सियस, पुरुलिया में तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस और सागरद्वीप का तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस हो चुका है।
बढ़ने वाला है तापमान
मौसम विभाग का कहना है कि तापमान जल्द ही बढ़ना शुरू करेगा। बताया जाता है कि शनिवार तक ही सर्द मौसम का आनंद लिया जा सकता है। उसके बाद पश्चिमी झंझावात के प्रभाव से पश्चिम बंगाल समेत देश भर में तापमान ऊपर जाने की संभावना है। शुक्रवार को राज्य के कुछ इलाकों में कोहरा छा सकता है। इस वजह से उत्तर बंगाल के पर्वतीय इलाके, डुअर्स, पश्चिमी जिले और तटवर्तीय क्षेत्रों के जिलों में दृश्यता घट सकती है। हालांकि गांगेय दक्षिण बंगाल में फिलहाल घना कोहरा छाने की कोई चेतावनी जारी नहीं की गयी है।
वहीं बात अगर बिहार और झाड़खंड की करें तो यहां शीतलहर का प्रभाव बना रहेगा। हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में भी शीतलहर का प्रभाव जारी रहने की संभावना जतायी गयी है। सिक्किम में भारी बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में घना कोहरा छाने की वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो सकता है।