नई दिल्लीः भारतीय जनता पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नितिन नबीन ने मंगलवार को औपचारिक रूप से जिम्मेदारी ग्रहण की। इस अवसर पर निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने उन्हें बधाई देते हुए भरोसा जताया कि नितिन नवीन पार्टी को आगे बढ़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे और भाजपा नए राज्यों तक अपनी पकड़ मजबूत करेगी।
नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और नितिन नवीन की अध्यक्षता में भाजपा और अधिक सशक्त होगी तथा पश्चिम बंगाल, पुडुचेरी, तमिलनाडु, असम और केरल जैसे राज्यों में “कमल खिलाने” में सफल रहेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में बंगाल में पार्टी मजबूती से आगे बढ़ेगी, पुडुचेरी और तमिलनाडु में सरकार बनेगी, असम में दोबारा सत्ता में वापसी होगी और केरल में भी बेहतर नतीजे मिलेंगे।
पार्टी मुख्यालय में नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने अपने कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी सीमित क्षमताओं में सभी के सहयोग से जिम्मेदारी निभाने का प्रयास किया। यदि इस दौरान किसी की भावना आहत हुई हो तो उन्होंने उसके लिए क्षमा भी मांगी। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन इस महान और दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी को पूरी ताकत के साथ आगे बढ़ाएंगे और सभी कार्यकर्ता उनके साथ मिलकर पार्टी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।
गौरतलब है कि जनवरी 2020 में जेपी नड्डा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे। अब नितिन नबीन ने औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कमान संभाल ली है। पदभार ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, निवर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा, पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहे।
नितिन नवीन बिहार की राजनीति के अनुभवी नेता हैं। वे बिहार विधानसभा के पांच बार निर्वाचित सदस्य रह चुके हैं और बिहार सरकार में मंत्री भी रहे हैं। संगठनात्मक कौशल और प्रशासनिक अनुभव के लिए उन्हें जाना जाता है। उनका जन्म 23 मई 1980 को झारखंड की राजधानी रांची में हुआ। उन्होंने 2006 में पटना पश्चिम विधानसभा सीट से पहली बार चुनाव जीता और 2010, 2015, 2020 व 2025 में बांकीपुर सीट से लगातार जीत दर्ज कर पांच बार विधायक बने। वे बिहार सरकार में सड़क निर्माण, शहरी विकास एवं आवास और विधि जैसे महत्वपूर्ण विभागों के कैबिनेट मंत्री भी रह चुके हैं।