विधाननगर उत्तर थाना की पुलिस ने तृणमूल के पूर्व विधायक सव्यसाची दत्त को गिरफ्तार किया गया है। सोमवार (8 जून) की रात को न्यू टाउन में स्थित उनके फ्लैट से पहले उन्हें हिरासत में लेकर थाना लाया गया। इसके बाद मैराथन पूछताछ के बाद आखिरकार देर रात को गिरफ्तार कर लिया गया।
इस बारे में आधिकारिक तौर पर विधाननगर पुलिस की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गयी है। बताया जाता है कि मंगलवार की सुबह उन्हें विधाननगर महकमा अस्पताल में मेडिकल चेकअप के लिए ले जाया गया है। इसके बाद उन्हें मंगलवार को ही अदालत में पेश किया जाएगा।
सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार उन्हें भारी मात्रा में रुपयों की वसूली के मामले में गिरफ्तार किया गया है। बता दें, 2026 के विधानसभा चुनाव में सव्यसाची दत्त बारासात विधानसभा केंद्र से तृणमूल के प्रत्याशी रह चुके हैं।
पुलिस सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार (8 जून) की शाम को राजारहाट-न्यू टाउन के पूर्व विधायक व वार्ड नंबर 31 के पार्षद सव्यसाची दत्त के खिलाफ थाना में मधुसुदन चक्रवर्ती नामक एक व्यक्ति ने FIR दर्ज करवाया। सॉल्टलेक निवासी उक्त व्यक्ति पेशे से व्यवसायी हैं।
Read Also | दूसरे नोटिस के बाद भी अभिषेक बनर्जी CID के सामने नहीं हुए उपस्थित, मिला तीसरा नोटिस
उन्होंने सव्यसाची दत्त के खिलाफ हत्या की धमकी, मानसिक प्रताड़ना और वसूली का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज करवायी। FIR में दावा किया गया है कि साल 2018 में 2 लाख 30 हजार रुपए की मांग कर सव्यसाची दत्त ने उन्हें धमकी दी थी।
अपनी शिकायत में उन्होंने लिखा है कि सव्यसाची ने मुझे फोन पर भयानक परिणाम की धमकी देते हुए 1 घंटे के अंदर 2 लाख 30 हजार रुपए भेज देने के लिए कहा। बाद में सव्यसाची दत्त के प्रतिनिधि के तौर पर विद्युत गांगुली उर्फ गुजी नामक एक व्यक्ति मधुसुदन के ऑफिस से रुपए लेकर गए। मधुसुदन चक्रवर्ती का दावा है कि उनकी पत्नी कैंसर पीड़िता हैं।
इस वजह से वह घर में हर समय कुछ नगद रुपए रखते थे। FIR में मधुसुदन दत्त ने कहा है कि वह पश्चिम बंगाल की तत्कालीन सरकार के एक प्रभावशाली नेता थे। इसलिए कोई उपाय न देखकर आखिरकार पत्नी के इलाज के लिए रखे रुपए और परिचित लोगों से उधार लेकर उन्हें दे दिया।
Read Also | ममता बनर्जी का साथ छोड़ रहे हैं फिरहाद हकीम? विधानसभा में ऋतव्रत से मिलने के बाद से ही अटकलें तेज
शिकायत मिलने के बाद ही विधाननगर थाना की पुलिस तत्पर हुई। रात को जांच अधिकारी ने न्यूटाउन में स्थित सव्यसाची दत्त के फ्लैट पर पहुंचे। उन्हें फ्लैट से पहले हिरासत में लिया गया और उसके कुछ घंटों के अंदर ही पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
इस बारे में अभी तक आधिकारिक तौर पर पुलिस ने कोई जानकारी नहीं दी है। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद से ही कई तृणमूल नेताओं को विभिन्न आरोपों में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अब इस सूची में सव्यसाची दत्त का नाम भी जुड़ गया है।