रविवार की सुबह से ही कोलकाता के विभिन्न इलाकों में बुलडोजर एक्शन चल रहा है। अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने के लिए जगह-जगह पर बुलडोजर कार्रवाई की जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह प्रशासन ने तिलजला, बेलियाघाटा और कसबा में अवैध रूप से निर्मित इमारतों को तोड़ने का काम शुरू कर दिया गया।
इस दौरान कोलकाता नगर निगम (KMC) और कोलकाता पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे। साथ ही केंद्रीय बलों की तैनाती भी उल्लेखनीय रही।
मिली जानकारी के अनुसार बेलियाघाटा में राजू नस्कर द्वारा बनाए गए दो मकानों के अवैध होने का दावा करते हुए, उन्हें तोड़ा जा रहा है। बेलियाघाटा के वार्ड नंबर 34 स्थित ईस्ट कुलिया रोड पर एक 5 मंजिला इमारत को तोड़ने का काम चल रहा है। सफेद रंग की यह आलीशान इमारत किसी महल जैसी दिखाई देती है।
Read Also | कोलकाता में अवैध निर्माण का आरोप, शिकायत में मेयर फिरहाद हकीम का नाम भी शामिल
आरोप है कि यह मकान अवैध रूप से बनाया गया है। इसे तोड़ा जा रहा है। मौके पर केंद्रीय बल और बेलियाघाटा थाना की पुलिस मौजूद है। आरोप है कि इस इमारत के साथ राजू नस्कर का नाम जुड़ा हुआ है। इमारत तोड़ने के लिए चलाए जा रहे अभियान में करीब 80 लोगों की टीम जुड़ी हुई हैं।
उसी तरह से तिलजला में भी बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माणों को तोड़ने का काम नगर निगम ने शुरू कर दिया है। जी.जे. खान रोड पर एक 7 मंजिला इमारत को ध्वस्त किया जा रहा है। नगर निगम पहले ही इस निर्माण को अवैध बताते हुए नोटिस जारी कर चुका था।
इसके साथ ही कसबा के बीबी चटर्जी स्ट्रीट पर भी बुलडोजर कार्रवाई जारी है। आरोप है कि इस अवैध निर्माण मामले में सुनवाई के बावजूद आरोपी पक्ष उपस्थित नहीं हुआ। इमारत पर नगर निगम का नोटिस भी चिपका दिया गया है।