राज्य से सर्दी अब विदा हो रही है। भोर के समय में हल्की ठंड महसूस तो हो रही है लेकिन सर्वाधिक तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया है। आसमान में कभी हल्के बादल छा रहे हैं और कभी धूप खिली नजर आ रही है। ऐसे में क्या अगले कुछ दिनों में राज्य में बारिश होने की कोई संभावना है? अगले कुछ दिनों तक कैसा रहेगा राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का हाल?
अलीपुर मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अगले कुछ दिनों तक कोलकाता में दिन के समय का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। हालांकि दो दिनों बाद दक्षिण बंगाल के जिलों का तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।
इसके अगले 3 दिनों तक तापमान के बढ़ने की कोई संभावना नहीं है। बात अगर उत्तर बंगाल की करें तो दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार में कोहरा सामान्य से अधिक छाने की संभावना है। दक्षिण बंगाल के किसी जिले में कोहरा छाने का कोई पूर्वानुमान नहीं है।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 24 फरवरी को पूर्व मिदनापुर जिले के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की आशंका जतायी गयी है।
शुक्रवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.3 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं गुरुवार को कोलकाता का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया था। इस दिन कोलकाता का अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक रहा। बताया जाता है कि अगले कुछ दिनों तक कोलकाता के तापमान में अधिक बदलाव होने की कोई संभावना नहीं है। उत्तर बंगाल के जिलों का तापमान भी हल्का बढ़ने की संभावना है।