तृणमूल के अस्थायी ऑफिस के समझौते की मियाद खत्म हो चुकी है। यह आरोप लगाते हुए ईएम बाईपास के मेट्रोपॉलिटन इलाके में स्थित तृणमूल ऑफिस की इमारत के मालिक मंटू साहा ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया है।
सोमवार (8 जून) को उन्होंने प्रगति मैदान थाना में जनरल डायरी (GD) दर्ज करवायी है। पुलिस सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार इस GD में उक्त मकान को जल्द से जल्द वापस लौटाने की व्यवस्था करने की अर्जी जतायी गयी है।
बता दें, पिछले लंबे समय से मंटू की कंपनी 'मॉडर्न डेकोरेटर्स' तृणमूल के सभी कार्यक्रमों और सरकारी कार्यक्रमों के लिए स्टेज बनाने से लेकर माइक तक की आपूर्ति करता था।
Read Also | क्या ममता बनर्जी का संदेश लेकर यूसुफ पठान के पास गए थे सौरव गांगुली? खुद बताया सच
साल 2021 में जब तपसिया ईएम बाइपास के किनारे मूल 'तृणमूल भवन' को तोड़ा गया तब मेट्रोपॉलिटन में स्थित उक्त मकान को अस्थायी तौर पर 'तृणमूल भवन' बनाया गया था। मकान मालिक का दावा है कि साल 2025 में ही इस समझौते की मियाद खत्म हो गयी है।
आरोप है कि इसके बाद मकान को खाली करने का अनुरोध करने के बावजूद तृणमूल की ओर से इस बाबत कोई सुनवाई नहीं हुई। इसलिए अब अपने मकान को वापस पाने के लिए अब उन्होंने पुलिस का सहारा लिया है। मंटू साहा का कहना है कि तृणमूल के कई नेताओं से इस मकान को खाली करवाने का अनुरोध किया। लेकिन किसी ने भी मेरा अनुरोध नहीं माना। इसलिए ही थाना में शिकायत दर्ज करवाना पड़ा।