🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

इसी सप्ताह बंगाल में प्रवेश करेगा मानसून, उमस और चिलचिलाती गर्मी से कब से मिलेगी राहत?

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अगले कुछ दिनों के अंदर ही बंगाल में मानसूनी हवाएं प्रवेश करने वाली हैं।

By Moumita Bhattacharya

Jun 09, 2026 15:13 IST

अपने निर्धारित समय से कुछ दिनों की देरी से ही मानसून ने केरल में प्रवेश किया। इसके बाद यह अपने निर्धारित रफ्तार से ही देश के दूसरे हिस्सों की ओर बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अगले कुछ दिनों के अंदर ही राज्य में मानसूनी हवाएं प्रवेश करने वाली हैं।

इसका मतलब है कि कुछ दिनों में ही राज्यवासियों को भीषण उमस वाली गर्मी से राहत मिल सकती है।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार (8 जून) को कोलकाता का अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस रहा। बताया जाता है कि सोमवार को पूरा दिन भी लोग भीषण गर्मी और तेज धूप से परेशान रहे लेकिन शाम को कुछ इलाकों में हुई हल्की बारिश की वजह से गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा।

बंगाल में कब प्रवेश करेगा मानसून?

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों के अंदर यानी 12 जून तक मानसून पश्चिम बंगाल में प्रवेश कर सकता है। चूंकि सबसे पहले बंगाल का उत्तरी हिस्सा (उत्तर बंगाल) ही मानसूनी बारिश से भींगता है, इसलिए 12 जून को उत्तर बंगाल में ही बारिश की दस्तक पड़ने की संभावना जतायी गयी है।

Read Also | दुर्गा पूजा से पहले ही राज्य पुलिस के कर्मचारियों को मिला 'गिफ्ट', लगातार ड्यूटी करने पर मिलेगी अतिरिक्त छुट्टियां

मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार को दक्षिण बंगाल में आंधी-बारिश की संभावना तो कम है लेकिन बुधवार से एक बार फिर से बारिश शुरू होगी। शुक्रवार तक कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना जतायी गयी है।

सबसे अधिक बारिश बीरभूम, नदिया, बांकुड़ा, पूर्व और पश्चिम मिदनापुर और दोनों 24 परगना में होने की संभावना है। इसके साथ ही 30 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं भी बह सकती हैं। समुद्रतटीय इलाकों में हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा से ऊपर भी जा सकती है।

इस वजह से मछुआरों से अगले 24 घंटे तक समुद्र में गहराई में जाने से मना किया गया है। वहीं 12 जून के बाद से उत्तर बंगाल में मानसूनी बारिश शुरू हो सकती है। उत्तर बंगाल में मंगलवार और बुधवार (9 व 10 जून) को भारी बारिश होने की संभावना है। शनिवार (13 जून) तक उत्तर बंगाल के सभी जिलों में बारिश होने की संभावना जतायी गयी है।

Articles you may like: