जयपुरः राजस्थान की राजधानी जयपुर के खो नागोरियान इलाके में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। आयशा नगर के तलाई क्षेत्र में एक मकान के अंदर चल रही कथित पटाखा फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में तीन लोगों की मौत की सूचना है, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
जानकारी के अनुसार, यह फैक्ट्री घनी आबादी वाले रिहायशी इलाके में संचालित की जा रही थी। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि घर के अंदर रखे किसी ज्वलनशील पदार्थ में आग लगने के कारण यह हादसा हुआ। आग तेजी से फैलने की वजह से अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का पर्याप्त समय नहीं मिल सका।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया। आग में झुलसे पांच लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। बेहतर इलाज के लिए उन्हें जयपुर के सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल रेफर किया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।
आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की दो गाड़ियां लगातार प्रयास कर रही हैं। अधिकारियों का मुख्य उद्देश्य आग को आसपास के मकानों तक फैलने से रोकना है, क्योंकि यह इलाका घनी आबादी वाला है।
हादसे की जानकारी मिलते ही जयपुर जिला कलेक्टर संदेश नायक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। कलेक्टर ने बताया कि घर में मौजूद ज्वलनशील सामग्री के कारण आग लगने की आशंका है। हालांकि, मौतों और घायलों की सही संख्या के बारे में आधिकारिक जानकारी रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही जारी की जाएगी।
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है और आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।