विशाखापत्तनम : आंध्र प्रदेश के सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स और संचार मंत्री नारा लोकेश ने मंगलवार को विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में हुए भीषण औद्योगिक हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिजनों से मुलाकात की।
नारा लोकेश शोक संतप्त परिवारों को सांत्वना देने के लिए विशाखापत्तनम स्थित किंग जॉर्ज अस्पताल (केजीएच) पहुंचे।
यह दर्दनाक हादसा एक दिन पहले हुआ था, जब राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड (आरआईएनएल) के संयंत्र में हुए भीषण विस्फोट में आठ श्रमिकों की मौत हो गई थी, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
इस दौरान नारा लोकेश के साथ केंद्रीय इस्पात राज्य मंत्री भूपतिराजू श्रीनिवास वर्मा, आंध्र प्रदेश की गृह मंत्री वंगलापुडी अनिता, मंत्री संध्या रानी, सांसद श्रीभारत एम, तेलुगु देशम पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पल्ला श्रीनिवास राव तथा पार्टी नेता चिंतकायला विजय भी मौजूद थे।
मंत्री ने हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों से मुलाकात कर दुर्घटना के कारणों और परिस्थितियों की जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित परिवारों की शिकायतें और चिंताएं भी सुनीं। नारा लोकेश और भूपतिराजू श्रीनिवास वर्मा ने शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उनसे इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने की अपील की।
परिजनों को संबोधित करते हुए नारा लोकेश ने कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, “मैं इस गहरे दुख की घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा होने के लिए यहां आया हूं।”
उन्होंने आगे कहा, “केंद्र और राज्य, दोनों स्तरों पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के प्रतिनिधि यहां यह सुनिश्चित करने के लिए पहुंचे हैं कि इन परिवारों को हर आवश्यक सहायता मिले। हम प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़े रहने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
नारा लोकेश ने यह भी कहा कि विशाखापत्तनम स्टील प्लांट सामूहिक प्रयासों और संघर्ष का प्रतीक है। उन्होंने उल्लेख किया कि इस संयंत्र को बचाया जा सका क्योंकि स्थानीय समुदाय और नेतृत्व ने मिलकर इसके संरक्षण के लिए संघर्ष किया था।
हादसे के बाद सुरक्षा मानकों और जवाबदेही को लेकर उठ रहे सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने कहा कि सरकार इस मामले को हल्के में नहीं ले रही है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना की व्यापक जांच जारी है और जांच समिति की रिपोर्ट मिलने के बाद जिन लोगों की जिम्मेदारी तय होगी, उनके खिलाफ सख्त और उचित कार्रवाई की जाएगी।