मुंबई: शिव जयंती के दौरान पुणे के किले में बड़ा हादसा हो गया। बुधवार को छत्रपति शिवाजी महाराज की जन्मस्थली शिवनेरी किले में शिव जयंती के अवसर पर भारी संख्या में श्रद्धालु जुटे थे। देर रात भीड़ का दबाव बढ़ने पर अचानक भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। धक्का-मुक्की के दौरान कई लोग गिर पड़े, जिससे कुचलने जैसी स्थिति पैदा हो गई। कई श्रद्धालु घायल हुए, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के जुन्नार स्थित इस किले में विशेष तिथि पर लाखों लोग पहुंचे थे। संकरे प्रवेश मार्गों पर एक साथ अधिक भीड़ जमा होने से हालात बेकाबू हो गई। रात बढ़ने के साथ भीड़ और बढ़ती गई, जिससे प्रशासन को नियंत्रण में कठिनाई हुई। संकीर्ण रास्तों से प्रवेश के दौरान श्रद्धालुओं के बीच अफरा-तफरी मच गई। भीड़ के दबाव से कई लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। प्रशासन के अनुसार, धक्का-मुक्की में कम से कम तीन लोग घायल हुए हैं। हालांकि किसी की मौत की खबर नहीं है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा गया कि शिव ज्योति और भगवा झंडे लिए लोग संकरे गलियारों से आगे बढ़ रहे थे। कुछ लोग किले की जर्जर संरचना पर चढ़कर बाहर निकलने की कोशिश करते दिखे। इसी दौरान अफरा-तफरी और बढ़ गई। प्रशासन ने माना कि भारी भीड़ को संभालने के लिए पर्याप्त पुलिस बल मौजूद नहीं था। खासकर अंबरखाना क्षेत्र के नीचे हाथी दरवाजा और गणेश दरवाजा के पास हालात सबसे ज्यादा बिगड़े, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हुई। हर साल शिवाजी महाराज की जयंती पर शिवनेरी किले में भव्य समारोह आयोजित किया जाता है, जिसमें राज्य के वरिष्ठ नेता भी शामिल होते हैं।