सामान्य सी बहस देखते ही देखते हिंसात्मक बहस में बदल गया और पंजाब का कपूरथला जेल कैदियों के रणक्षेत्र में परिणत हो गया। शनिवार को पंजाब की इस घटना से व्यापक सनसनी फैल गई। आरोप लगाया जा रहा है कि कुछ कैदियों ने जेल में आग लगाने की कोशिश भी की। हालांकि पुलिस का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
घटना में घायल या मृतकों की वास्तविक संख्या अभी सामने नहीं आई है। घटना के बाद पूरे इलाके की सुरक्षा तेज कर दी गयी है।
पुलिस सूत्रों की मानें तो घटना की शुरुआत शनिवार की रात करीब 8.30 बजे हुई। कैदियों में किसी बात को लेकर बहस चल रही थी जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई। देखते ही देखते विचाराधीन कैदियों और दागी अपराधियों का दो गुट बन गया। इसके बाद जेल परिसर में जमकर तोड़फोड़ शुरू हो गई। आरोप है कि कैदियों को जो सामान मिला उसी से एक-दूसरे पर हमला करने लगे।
Read Also | राजस्थान सरकार का बड़ा फैसला: सरकारी खर्चे पर विदेश यात्रा पर रोक
इसी दौरान कैदियों ने बैरक नंबर 4 की दीवार भी तोड़ दी। आरोप यह भी है कि कुछ कैदियों ने मिट्टी का तेल डालकर कर जेल में आग लगाने की कोशिश कर रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही भारी पुलिस बल ने कपूरथला जेल को चारों ओर से घेर लिया। कुछ ही देर में कपूरथला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंच गए।
इसके बाद एक के बाद एक कई एंबुलेंस जेल परिसर के भीतर गयी। हालांकि झड़प में कितने लोग घायल हुए हैं या किसी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है या नहीं, इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। बताया जाता है कि पूरी रात पुलिस और प्रशासन के अधिकारी जेल परिसर में ही मौजूद रहे।
बाद में जालंधर रेंज के DIG नवीन सिंगला ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि जेल और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
Read Also | उत्तर प्रदेश में 60+ उम्र के 9 बुजुर्गों ने स्कूल में लिया दाखिला, यूनिफॉर्म पहनकर शुरू की पढ़ाई
इस बीच झड़प के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं जिनमें कई कैदी प्रशासन के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर करते दिख रहे हैं। हालांकि सवाल यह भी उठ रहा है कि सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद कैदियों के पास स्मार्टफोन कैसे पहुंचे और उन्होंने जेल के भीतर से वीडियो कैसे बनाया।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कई कैदियों के चेहरे कपड़े से ढके हुए दिखाई दे रहे हैं। एक कैदी का हाथ पीछे की ओर छिपा हुआ भी नजर आता है जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि उनके पास कोई हथियार हो सकता है।
एक कैदी वीडियो में यह दावा करता है कि पुलिस ने हमें पीटा है और गोली भी चलाई है। कुछ अन्य कैदियों ने भी दावा किया है कि झड़प में एक कैदी गंभीर रूप से घायल हुआ है। हालांकि पुलिस प्रशासन ने गोली चलने की बात पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है। कपूरथला जेल के CCTV फुटेज की जांच शुरू कर दी गई है। जेल के रिकॉर्ड और वायरल वीडियो दोनों को प्रशासन द्वारा सत्यापित किया जा रहा है।