बेंगलुरुः कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले के भटकल क्षेत्र स्थित तत्तेहाकालु समुद्र तट पर हुए दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के कम से कम आठ लोगों की डूबने से मौत हो गई। ये सभी लोग काले शंख-सीप (ब्लैक क्लैम्स) इकट्ठा करने के लिए समुद्र तट पर गए थे। घटना को लेकर राज्यभर में शोक का माहौल है।
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि यह बेहद पीड़ादायक और दुखद घटना है। मुख्यमंत्री ने मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना भी की।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी संदेश में बताया कि हादसे के बाद कुछ अन्य लोगों के भी लापता होने की सूचना है। उनकी तलाश के लिए व्यापक स्तर पर खोज एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सभी लापता लोगों के सुरक्षित लौटने की प्रार्थना करें। सिद्धारमैया ने कहा कि मानवीय आधार पर राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशासन की टीमें मौके पर तैनात हैं और राहत कार्य जारी है।
इससे पहले 29 अप्रैल को भी कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक बड़ा हादसा हुआ था। बौरिंग एंड लेडी कर्जन अस्पताल के पास एक परिसर की दीवार गिरने से तीन बच्चों समेत कम से कम सात लोगों की मौत हो गई थी। उस घटना के बाद भी मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने घटनास्थल का दौरा किया था। मुख्यमंत्री कार्यालय ने निरीक्षण के बाद सात लोगों की मौत की पुष्टि की थी। राज्य सरकार ने तब भी मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की थी।