गुवाहाटी : हिमंत बिस्वा सरमा ने शुक्रवार को घोषणा की कि गुवाहाटी हवाईअड्डे का नया टर्मिनल 22 फरवरी से परिचालन शुरू करेगा। यह अत्याधुनिक टर्मिनल लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा (एलजीबीआईए) परिसर में तैयार किया गया है।
इस नए टर्मिनल का उद्घाटन 20 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। मुख्यमंत्री सरमा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि कुछ ही वर्षों में एक खुले मैदान से विश्वस्तरीय प्रवेश द्वार तक की यह यात्रा असम के अधिक जुड़ाव और आत्मविश्वास की स्पष्ट दृष्टि को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा उद्घाटित यह टर्मिनल 22 फरवरी से दुनिया के लिए अपने द्वार खोल देगा।
अधिकारियों के अनुसार मार्च तक घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन नए टर्मिनल से शुरू होने की संभावना है। पुराने टर्मिनल भवन को बाद में कार्गो हब के रूप में विकसित किया जाएगा जिससे क्षेत्र में व्यापार और लॉजिस्टिक्स गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
पीटीआई के अनुसार करीब 4,000 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित एकीकृत टर्मिनल-2 भवन को प्रतिवर्ष 1.31 करोड़ यात्रियों की आवाजाही संभालने के लिए डिजाइन किया गया है। आधुनिक सुविधाओं और विस्तृत ढांचे से लैस यह टर्मिनल पूर्वोत्तर भारत के लिए एक महत्वपूर्ण हवाई केंद्र के रूप में उभरेगा।
हवाईअड्डे का नाम असम के प्रथम मुख्यमंत्री गोपीनाथ बोरदोलोई के नाम पर रखा गया है। टर्मिनल परिसर के बाहर उनकी 80 फुट ऊंची प्रतिमा का भी अनावरण प्रधानमंत्री मोदी ने किया था।