वालपारई: तमिलनाडु के अनामलाई पहाड़ी क्षेत्र में आठ महीनों के भीतर एक बार फिर तेंदुए के हमले का मामला सामने आया है। हाल ही में इस इलाके में तेंदुओं का मानवीय बस्तियों में घुसपैठ बढ़ गई है। शनिवार को चाय बागान के भीतर से एक प्रवासी मज़दूर के बच्चे का क्षत-विक्षत शव मिलने के बाद फिर तेंदुए के हमले की आशंका जताई गई।
मृत बच्चे का नाम सैफुल है। उसके पिता असम से आए एक प्रवासी मज़दूर हैं जो वालपारई के एक चाय बागान में काम करते हैं। शनिवार को सैफुल घर के बाहर खेल रहा था तभी अचानक लापता हो जाता है। काफी खोजबीन के बाद उसका शव चाय बागान की झाड़ियों में मिला।
पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, बच्चा आयरपाडी क्षेत्र में मजदूर क्वार्टर के सामने खेल रहा था तभी अचानक पास की झाड़ी से एक तेंदुआ बाहर निकला। उसने बच्चे को पकड़ लिया और तेजी से घनी झाड़ियों में गायब हो गया। काफी तलाश के बाद सैफुल का शव बरामद हुआ जिसमें तेंदुए के हमले के स्पष्ट निशान थे।
पिछले आठ महीनों में वालपारई में तेंदुए के हमले में यह तीसरे बच्चे की मौत है। घटना के बाद इलाके में भारी दहशत फैल गई है। स्थानीय निवासी सुरक्षा और समाधान की मांग करते हुए वन विभाग से तत्काल कार्रवाई की अपील कर रहे हैं।