आईपीएल 2026 में आज (24 मई, रविवार) डबल हेडर का दिन है। चार टीमों के बीच दो बड़े मुकाबले आज खेले जाने हैं। इन दोनों ही मैचों में कई स्टार खिलाड़ी मैदान पर आमने-सामने होंगे और सभी चार टीमों में आईपीएल 2026 अंक तालिका में टॉप-4 में जगह बनाने की होड़ लगी होगी। टूर्नामेंट में अब तक 68 मैच खेले जा चुके हैं और अब प्लेऑफ के लिए मात्र एक सीट बची है। इसके लिए तीन टीमें दावेदार हैं। अब टीमों के लिए हार का मतलब टूर्नामेंट से बाहर होने का खतरा।
आईपीएल में आज पहला मैच किसका हैः आज आईपीएल 2026 का पहला मैच दोपहर में खेला जाएगा। ये मुकाबला मुंबई इंडियंस (MI) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच होना है। मुंबई इंडियंस पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है। वहीं, राजस्थान को प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए यह मुकाबला हर हाल में जीतना होगा। वह 14 प्वाइंट्स के साथ पांचवें स्थान पर है। राजस्थान के लिए यह मुकाबला करो या मरो वाला है। यह मुकाबला मुंबई के वानखेडे़ में खेला जाएगा।
IPL में आज का दूसरा मैच किसका है: आईपीएल 2026 के सुपर संडे में शाम को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) का सामना दिल्ली कैपिटल्स (DC) से होगा। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले जाने वाले मुकाबले में कोलकाता को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए कई समीकरणों से होकर गुजरना होगा, अगर दोपहर को खेलने जाने वाले मुकाबले में राजस्थान को शिकस्त मिलती है। अगर राजस्थान को जीत मिलती है तो कोलकाता का भी सफर आज समाप्त हो जाएगा।
शनिवार को खेले गए 68वें मैच में श्रेयस अय्यर के नाबाद और पहले IPL शतक की बदौलत पंजाब किंग्स (PBKS) ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को हराते हुए अपनी टीम को IPL 2026 के प्लेऑफ की दौड़ में बरकरार रखा है। अब PBKS की नजरें रविवार को खेले जाने वाले दोनों मुकाबलों पर होगी। अगर राजस्थान विजयी होता है तो पंजाब के साथ केकेआर का सफर समाप्त हो जाएगा। अगर राजस्थान हारा तो मामला नेट रन रेट पर आकर फंसेगा।