मुंबई : नुवामा प्राइवेट टी20 मुंबई लीग 2026 में सोमवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में अर्जुन तेंदुलकर ने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन करते हुए आर्क्स अंधेरी को बांद्रा ब्लास्टर्स पर नौ विकेट से शानदार जीत दिलाई।
ऑलराउंडर अर्जुन तेंदुलकर ने पहले गेंदबाजी में कमाल दिखाया। उन्होंने तीन ओवर में एक मेडन सहित मात्र 11 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। उनकी शानदार गेंदबाजी की बदौलत बांद्रा ब्लास्टर्स की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 144 रन ही बना सकी।
इसके बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी आर्क्स अंधेरी की टीम को शुरुआती झटका दिव्यांश सक्सेना के रूप में लगा। दिव्यांश 26 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि इसके बाद अर्जुन तेंदुलकर और मुशीर खान ने मैच की तस्वीर पूरी तरह बदल दी।
दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए नाबाद 116 रनों की साझेदारी कर टीम को आसान जीत दिला दी। अर्जुन तेंदुलकर ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 34 गेंदों में नाबाद 66 रन बनाए, जबकि मुशीर खान ने 38 गेंदों पर नाबाद 54 रन की पारी खेली।
अर्जुन और मुशीर की इस शानदार साझेदारी के दम पर आर्क्स अंधेरी ने 145 रनों का लक्ष्य सिर्फ 13.5 ओवर में एक विकेट खोकर हासिल कर लिया। टीम ने 37 गेंद शेष रहते हुए नौ विकेट से एकतरफा जीत दर्ज की।
इस मुकाबले में अर्जुन तेंदुलकर ने ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए पहले गेंद से विपक्षी टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोका और फिर बल्ले से नाबाद अर्धशतक जड़कर अपनी टीम की जीत सुनिश्चित की।