कोलकाता : चोट के कारण लंबे समय से मैदान से बाहर चल रहे बंगाल और भारतीय टीम के तेज गेंदबाज आकाश दीप इन दिनों प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से दूर हैं, लेकिन बंगाल टी20 लीग से उनका जुड़ाव अब भी बना हुआ है। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की नीलामी में इस बार कोलकाता नाइट राइडर्स द्वारा चुने जाने के बाद वह चोटिल हो गए थे। तब से वह बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में पुनर्वास प्रक्रिया से गुजर रहे हैं।
हालांकि बंगाल से दूर रहने के बावजूद उनके दिल से बंगाल क्रिकेट दूर नहीं हुआ है। मंगलवार को वह ईडन गार्डन्स पहुंचे और बंगाल टी20 लीग के मुकाबलों का आनंद लिया। इस दौरान उन्होंने टूर्नामेंट की जमकर सराहना भी की।
क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (सीएबी) को दिए एक साक्षात्कार में आकाश दीप ने इस वर्ष बंगाल टी20 लीग में नहीं खेल पाने का अफसोस जाहिर किया। हालांकि उन्होंने बताया कि वह टूर्नामेंट के हर मुकाबले पर नजर बनाए हुए हैं। उनके अनुसार बल्लेबाजों और गेंदबाजों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा ने इस बार प्रतियोगिता को और अधिक रोमांचक बना दिया है। साथ ही उन्होंने खिलाड़ियों की प्रतिभा को सामने लाने के लिए ऐसा मंच उपलब्ध कराने पर सीएबी की प्रशंसा की।
आकाश दीप का मानना है कि अगले दो से तीन वर्षों में बंगाल टी20 लीग का प्रभाव और अधिक स्पष्ट रूप से दिखाई देगा। उनके अनुसार यह टूर्नामेंट बंगाल के क्रिकेटरों के लिए किसी “ऑक्सीजन” से कम नहीं है।
उन्होंने कहा कि पहले छोटे मैदानों पर सफेद गेंद से क्रिकेट खेला जाता था, लेकिन वहां न तो इतनी प्रतिस्पर्धा होती थी, न आधुनिक सुविधाएं और न ही लाइव प्रसारण जैसी व्यवस्थाएं उपलब्ध थीं। अब बंगाल टी20 लीग खिलाड़ियों को बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा साबित करने का अवसर दे रही है। यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों को दबाव झेलना, मैच की परिस्थितियों को समझना और पेशेवर मानसिकता विकसित करना भी सिखा रही है।
युवा क्रिकेटरों के लिए आईपीएल तक पहुंचने के रास्ते खोलने में भी इस लीग की महत्वपूर्ण भूमिका है। आकाश दीप ने बताया कि आईपीएल फ्रेंचाइजी के स्काउट नियमित रूप से मैच देखने पहुंच रहे हैं। इससे पहले जो प्रतिभाशाली खिलाड़ी नजरों से ओझल रह जाते थे, अब उन्हें खुद को साबित करने का अवसर मिल रहा है। टेलीविजन प्रसारण और स्काउट्स की मौजूदगी खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित कर रही है।
अपनी फिटनेस को लेकर आकाश दीप काफी आशावादी नजर आए। उन्होंने कहा कि पहले की तुलना में अब उनकी स्थिति काफी बेहतर है और वह जल्द ही गेंदबाजी शुरू करने की योजना बना रहे हैं। हालांकि मैदान पर वापसी को लेकर वह किसी तरह की जल्दबाजी नहीं करना चाहते।
भारतीय टीम में वापसी के सवाल पर आकाश दीप ने कहा कि फिलहाल उनका लक्ष्य किसी विशेष श्रृंखला में खेलना नहीं है। वह पहले कुछ घरेलू मुकाबले खेलकर अपनी फिटनेस और शारीरिक स्थिति का आकलन करना चाहते हैं। यदि सब कुछ सही रहा, तभी वह दोबारा भारतीय टीम की जर्सी पहनने के बारे में सोचेंगे।
बंगाल के इस स्टार तेज गेंदबाज का मानना है कि बंगाल टी20 लीग आने वाले वर्षों में राज्य के क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और युवा खिलाड़ियों के लिए सफलता के नए द्वार खोलेगी।