🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

पाकिस्तान-आधारित आतंकवादी शहजाद भट्टी से जुड़े मामलों में डिजिटल डिवाइस और दस्तावेज जब्त

एनआईए की बड़ी कार्रवाई: पंजाब और हरियाणा में 18 ठिकानों पर छापेमारी, आतंक-गैंगस्टर नेटवर्क की जांच तेज

नई दिल्ली : नई दिल्ली में मंगलवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने तीन आतंक-गैंगस्टर नेटवर्क मामलों के संबंध में पंजाब और हरियाणा के 18 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। ये मामले पाकिस्तान-आधारित आतंकवादी शहजाद भट्टी से जुड़े बताए जा रहे हैं।

एजेंसी ने एक बयान में बताया कि एनआईए की टीमों ने दोनों राज्यों के नौ जिलों में फैले 18 स्थानों पर छापेमारी की और कई व्यक्तियों से पूछताछ कर संबंधित जानकारी जुटाई।

जांच के दौरान एनआईए के अधिकारियों ने कई डिजिटल उपकरण और दस्तावेज जब्त किए है साथ ही विभिन्न संचार नेटवर्क, वित्तीय लेन-देन और एजेंसी की निगरानी में आए व्यक्तियों की गतिविधियों से जुड़ी जानकारियां भी बरामद की गई हैं।

एनआईए ने कहा है कि छापेमारी के दौरान एकत्र की गई सभी जानकारी और साक्ष्यों को आगे की जांच, फोरेंसिक और तकनीकी परीक्षण के लिए भेजा गया है, ताकि सीमा पार से संचालित बड़े षड्यंत्र का खुलासा किया जा सके।

आतंकवाद-रोधी एजेंसी के अनुसार कुछ व्यक्तियों को जांच में शामिल होने के लिए नोटिस जारी किए गए है ताकि नेटवर्क से जुड़े बड़े षड्यंत्र की परतें खोली जा सकें। यह जांच मुख्य रूप से सीमा पार से संचालित गैंगस्टर से आतंकवादी बने शहजाद भट्टी द्वारा संचालित नेटवर्क पर केंद्रित है।

एनआईए ने कहा कि उसकी छापेमारी का उद्देश्य भट्टी के सहयोगियों और इस पूरे आतंकवादी साजिश से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करना है।

अब तक की जांच में एनआईए ने मार्च 2025 में पंजाब के जालंधर स्थित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर रॉजर संधू के आवास पर हुए ग्रेनेड हमले को शहजाद भट्टी से जोड़ा है। अप्रैल में एजेंसी ने इस मामले में भट्टी को फरार आरोपी घोषित करते हुए एक अन्य आरोपी के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था।

इसके अलावा एनआईए ने पाया है कि भट्टी ने नवंबर 2025 में हरियाणा के सिरसा स्थित महिला पुलिस स्टेशन पर हुए विस्फोट और जनवरी 2026 में अंबाला के बलदेव नगर पुलिस स्टेशन में हुए धमाके की भी साजिश रची थी।

सिरसा मामले में एनआईए ने मई 2026 में भट्टी और पाकिस्तान-आधारित एक अन्य हैंडलर सोहेल अहमद उर्फ सोहेल बलोच सहित नौ लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था।

बलदेव नगर पुलिस स्टेशन मामला एक कार बम विस्फोट से संबंधित है, जिसमें गिरफ्तार एक आरोपी के शहजाद भट्टी से संपर्क में होने की पुष्टि हुई थी।

एनआईए ने आगे कहा कि इन तीन मामलों में उसकी जांच जारी है और आतंकवादी हमलों से जुड़े सभी संबंधों का पता लगाने के लिए अभियान तेज कर दिया गया है।

Articles you may like: