क्या अब जल्द ही दुनिया पर छाया ईंधन संकट दूर होने वाला है? क्या जल्द ही खुलेगा होर्मूज जलडमरुमध्य यानी Strait of Hormuz? अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने कुछ ऐसा ही दावा किया है। शनिवार को ट्रुथ सोशल पर ट्रंप ने लिखा है कि ईरान के साथ शांति समझौता लगभग अंतिम चरण में पहुंच चुका है। अब सिर्फ औपचारिक मंजूरी बाकी है।
उन्होंने आगे लिखा है कि समझौते के बड़े हिस्से पर सहमति बन चुकी है और बहुत जल्द आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि समझौता होते ही ईरान होर्मुज़ जलडमरूमध्य (Hormuz Strait) को भी खोल देगा।
बता दें, शांति वार्ता का पहला दौर विफल होने के बाद ही अमेरिका ने सउदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और कतर जैसे पश्चिम एशियाई देशों के साथ बातचीत शुरू की थी।
Read Also | ईरान युद्ध के बीच डोनाल्ड ट्रंप की चिंता, बेटे की शादी में शामिल होने पर संकट
ट्रंप का दावा है कि इसी बातचीत से समझौते का रास्ता निकला है। उन्होंने लिखा है कि अमेरिका, इरान और अन्य संबंधित देशों के बीच समझौते के बड़े हिस्से पर पहले ही सहमति बन चुकी है। अब सिर्फ इसे औपचारिक रूप से अंतिम रूप देना बाकी है।
ट्रंप का दावा है कि इस समझौते के बाद होर्मूज जलडमरुमध्य को फिर से खोला जा सकता है। उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल परिवहन मार्गों में से एक होर्मूज जलडमरुमध्य दोबारा खुल सकता है। इस घोषणा से पहले डोनाल्ड ट्रंप ने पश्चिम एशिया सहित कई देशों के नेताओं के साथ बातचीत की। उन्होंने अलग से इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहु (Benjamin Netanyahu) से भी बात की। ट्रंप का दावा है कि बातचीत सफल रही।
हालांकि ईरान ने ट्रंप के बयान का कड़ा विरोध किया है। ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी Fars News एजेंसी ने दावा किया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह खोलने का दावा 'व्यावहारिक नहीं' है। एजेंसी का साफ कहना है कि बातचीत में ऐसी कोई शर्त शामिल नहीं थी।
साथ ही यह भी कहा गया कि भविष्य में कोई समझौता होने पर भी होर्मूज जलडमरुमध्य पर नियंत्रण ईरान के हाथ में ही रहेगा। एक बयान में एजेंसी ने कहा है कि संभव है कि पहले की तरह जहाजों की आवाजाही फिर शुरू हो जाए लेकिन इसे पूरी तरह खुली और असीमित पहुंच के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।
Read Also | 1300 साल पुरानी वाइकिंग तलवार की खोज, 6 साल के बच्चे ने खेत में पाया खजाना
बता दें, ईरान ने स्पष्ट किया है कि अमेरिका के साथ युद्ध समाप्त करने के लिए समझौता ज्ञापन को अंतिम रूप देने पर चर्चा चल रही है। पाकिस्तानी सेना प्रमुख असीम मुनीर (Asim Munir) की मौजूदगी में एक उच्चस्तरीय बैठक भी हुई। समाचार एजेंसी Reuters के मुताबिक शांति समझौता तीन चरणों में लागू हो सकता है। पहला - औपचारिक रूप से युद्ध समाप्ति की घोषणा।
दूसरा - होर्मूज जलडमरुमध्य संकट का समाधान। अथवा तीसरा - व्यापक समझौते के लिए 30 दिनों की बातचीत, जिसे बाद में बढ़ाया भी जा सकता है।
इससे पहले एक इंटरव्यू में डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि वह रविवार को फैसला लेंगे कि ईरान पर फिर से हमला किया जाएगा या नहीं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा था कि या तो एक अच्छा समझौता होगा नहीं तो ऐसा प्रहार करेंगे जिसे वे जिंदगी भर नहीं भूलेंगे।