🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में हड़ताल टली, बैंकिंग सेवाएं रहेंगी सामान्य

नई भर्ती और वेतन समानता समेत मांगों पर प्रबंधन से बातचीत के बाद फैसला

नई दिल्ली : स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के कर्मचारियों द्वारा प्रस्तावित दो दिवसीय बैंक हड़ताल को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है जिससे लगातार पाँच दिनों तक बैंक बंद रहने की आशंका समाप्त हो गई है। यह हड़ताल 25 और 26 मई को नए भर्ती, कर्मचारियों के वेतन में असमानता को दूर करने और पदोन्नति सहित कई मांगों को लेकर प्रस्तावित थी।

यह निर्णय ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन द्वारा लिया गया है जो स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के कर्मचारियों का प्रमुख संगठन है। संगठन के प्रतिनिधियों और बैंक प्रबंधन के बीच नई दिल्ली स्थित केंद्रीय श्रम आयुक्त कार्यालय में विभिन्न मांगों को लेकर वार्ता हुई। बैठक के दौरान प्रबंधन की ओर से सकारात्मक संकेत मिलने के बाद हड़ताल को फिलहाल स्थगित करने का फैसला लिया गया।

23 मई शनिवार को महीने का चौथा शनिवार होने के कारण एसबीआई सहित देशभर के सभी बैंक बंद थे। इसके बाद रविवार को साप्ताहिक अवकाश रहता है। यदि 25 और 26 मई को हड़ताल होती, तो बैंक लगातार बंद रहते। इसके बाद 27 मई को बकरीद (ईद-उल-अजहा) होने की संभावना थी जिससे कुल मिलाकर पाँच दिनों तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की स्थिति बन रही थी।

पश्चिम बंगाल सरकार ने बकरीद के लिए गुरुवार को अवकाश घोषित किया है जबकि बुधवार का अवकाश रद्द कर दिया गया है। ईद के अवसर पर राज्य में गुरुवार को सभी बैंक बंद रहेंगे। ऐसे में मई महीने के अंतिम सप्ताह में बैंक केवल गुरुवार को बंद रहेंगे जबकि सोमवार से बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से चालू रहेंगी।

Articles you may like: