🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

FD से ज्यादा रिटर्न देने वाली 5 सरकारी बचत योजनाएं, निवेशकों की पहली पसंद

वरिष्ठ नागरिक बचत योजना और NSC में मिल रहा FD से ज्यादा रिटर्न और टैक्स बेनिफिट

नई दिल्ली : बैंकों की फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) की तुलना में अधिक आकर्षक रिटर्न देने वाली पांच प्रमुख सरकारी बचत योजनाएं निवेशकों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही हैं। वर्तमान समय में विभिन्न सरकारी और निजी बैंकों में फिक्स्ड डिपॉजिट पर सामान्यतः 6 प्रतिशत से 7.25 प्रतिशत तक का ब्याज मिल रहा है। वरिष्ठ नागरिकों को इसमें अतिरिक्त 0.5 प्रतिशत ब्याज का लाभ दिया जाता है। हालांकि इसके मुकाबले कुछ सरकारी योजनाएं इससे भी बेहतर रिटर्न प्रदान करती हैं।

बैंक की फिक्स्ड डिपॉजिट या एफडी आज भी भारत में सबसे लोकप्रिय निवेश विकल्पों में से एक मानी जाती है। खासकर उन निवेशकों के लिए जो कम जोखिम लेना चाहते है एफडी एक सुरक्षित विकल्प के रूप में देखी जाती है।

1) पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट

यह एक सरकारी समर्थित निश्चित आय वाली योजना है। इसमें 1 वर्ष, 2 वर्ष, 3 वर्ष और 5 वर्ष की अवधि के लिए निवेश किया जा सकता है। अप्रैल-जून 2026 तिमाही के लिए इस योजना में ब्याज दर इस प्रकार है—

1 वर्ष: 6.9%

2 वर्ष: 7%

3 वर्ष: 7.1%

5 वर्ष: 7.5%

इस योजना में मूलधन और ब्याज दोनों की सुरक्षा की गारंटी होती है।

2) पोस्ट ऑफिस मासिक आय योजना (पोस्ट ऑफिस मंथली इनकम स्कीम / पीओएमआईएस)

इस योजना में वर्तमान में 7.4% की ब्याज दर मिल रही है। इसकी अवधि 5 वर्ष की होती है। इसमें न्यूनतम 1,000 रुपये से निवेश शुरू किया जा सकता है। एकल खाते में अधिकतम 9 लाख रुपये और संयुक्त खाते में 15 लाख रुपये तक निवेश की अनुमति है। इस योजना से मिलने वाला ब्याज पूरी तरह कर योग्य होता है। हालांकि जो निवेशक नियमित मासिक आय चाहते है उनके लिए यह एक लोकप्रिय विकल्प है।

3) वरिष्ठ नागरिक बचत योजना (एससीएसएस)

यह योजना सेवानिवृत्त लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय है। वर्तमान में इसमें 8.2% की ब्याज दर मिल रही है। इसकी अवधि 5 वर्ष होती है जिसे आगे 3-3 वर्ष के लिए बढ़ाया जा सकता है। इसमें अधिकतम 30 लाख रुपये तक निवेश किया जा सकता है। 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के नागरिक इसमें निवेश कर सकते हैं। आयकर अधिनियम की धारा 80सी के तहत इसमें सालाना 1.5 लाख रुपये तक कर छूट भी मिलती है।

4) राष्ट्रीय बचत प्रमाणपत्र (एनएससी)

यह सरकारी गारंटी वाली योजना है जिसमें वर्तमान में 7.7% ब्याज दिया जा रहा है। इसमें न्यूनतम 1,000 रुपये से निवेश किया जा सकता है। अतिरिक्त निवेश 100 रुपये के गुणक में किया जा सकता है। इसमें अधिकतम निवेश की कोई सीमा नहीं है। इसकी अवधि 5 वर्ष की होती है। इस योजना में भी धारा 80सी के तहत कर लाभ मिलता है।

5) सुकन्या समृद्धि योजना (एसएसवाई)

यह योजना 10 वर्ष से कम आयु की बालिका के नाम पर खोली जा सकती है। इसमें वर्तमान ब्याज दर 8.2% है। इस खाते की परिपक्वता (मैच्योरिटी) 21 वर्ष बाद होती है। हालांकि बेटी के 18 वर्ष की आयु के बाद विवाह की स्थिति में इसे पहले भी बंद किया जा सकता है। इस योजना में निवेश, ब्याज और परिपक्वता—तीनों पर कर छूट मिलती है, इसलिए इसे “ट्रिपल टैक्स बेनिफिट” योजना कहा जाता है।

विशेषज्ञों का मानना है कि जो निवेशक लंबी अवधि के लिए सुरक्षित और अधिक रिटर्न चाहते है उनके लिए ये सरकारी योजनाएं फिक्स्ड डिपॉजिट की तुलना में अधिक लाभकारी साबित हो सकती हैं।

Articles you may like: